
crime a
– फोटो : फाइल फोटो
विस्तार
उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में देवर ने भाभी से छेड़खानी कर दी। महिला की तहरीर पर उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पीड़िता की शिकायत पर सीओ सिटी ने कोतवाली प्रभारी को कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके बाद रिपोर्ट दर्ज हो सकी। पीड़िता मूल रूप से फर्रुखाबाद के नबाबगंज थाना क्षत्र की रहने वाली है।
पीड़िता की शादी पांच जुलाई 2018 को शहर कोतवाली क्षेत्र के शृंगार नगर मोहल्ले में हुई है। उसने बताया कि ससुराल के लोग शादी के बाद से उसको परेशान कर रहे हैं। पति, सास, ससुर, ननद और देवर मारते पीटते हैं। उसका देवर बुरी निगाह रखता है। शिकायत करने पर पति भी अपने भाई का साथ देता है।
बताया कि आठ जून की रात वह अपने कमरे में थी। तभी देवर उसके कमरे में आ गया। उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने का प्रयास किया। उसके शोर मचाने पर मोहल्ले के लोग घरों से बाहर आ गए। लोगों को आता देख वह भाग गया। ससुराल के लोगों ने उसको पीटा और गालियां दीं। जान से मारने की धमकी देकर रात में ही घर से निकाल दिया।
पीड़िता अपने पिता के साथ रविवार की सुबह रिपोर्ट दर्ज कराने कोतवाली पहुंची। यहां पुलिस ने रिपोर्ट नहीं लिखी। कोतवाली प्रभारी ने तहरीर बदलने पर ही रिपोर्ट दर्ज करने की बात कही। उसने तहरीर से देवर का नाम निकालने से मना किया तो उसको कोतवाली से अपमानित करके भगा दिया गया।
पीड़िता ने सीओ सिटी कार्यालय पहुंचकर सीओ सिटी से शिकायत की। सीओ सिटी ने कोतवाली प्रभारी को रिपोर्ट करने के निर्देश दिए। इसके बाद ही पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति, सास, ससुर, ननद और देवर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
