case registered against two robbers in case of robbery from businessman in Mathura

वारदात के बाद भागते लुटेरे
– फोटो : अमर उजाला

विस्तार


उत्तर प्रदेश के मथुरा में दो लुटेरों के खिलाफ बुधवार को मुकदमा दर्ज किया गया है। ये दोनों नौहझील थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम तमंचा के बल पर व्यापारी का गल्ला लूटकर भागे थे। मुकदमा पीड़ित दीपक गुप्ता की तहरीर पर लिखा गया है। पुलिस ने बरामद बाइक का चेसिस नंबर देखा। इसके आधार पर एक नामजद व एक अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस की दो टीमें लुटेरों की धरपकड़ में जुटी हैं। कई ठिकानों पर दबिश दी गई है, मगर सफलता हाथ नहीं लगी है।

गौरतलब है गुटखा खरीदने के बहाने कस्बे में स्थित परचून की थोक दुकान में घुसे दो नकाबपोश तमंचा दिखाकर व्यापारी का गल्ला लूट ले गए। पीछा करने पर व्यापारी को तमंचे की बट मार दी। घिरता देखकर लुटेरे अपनी बाइक मौके पर छोड़ गए। बिना नंबर की नई बाइक के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की। 

इलाका पुलिस सड़क पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। घटना से व्यापारियों में डर का माहौल है। उन्होंने घटना के खुलासे की मांग की है। इंस्पेक्टर शैलेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर पर बाइक के चेसिस नंबर के आधार पर गजेंद्र सिंह निवासी गांव पालखेड़ा व एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा।

प्लॉट में पड़ा मिला गल्ला

व्यापारी का गल्ला बुधवार सुबह दुकान से लगभग 200 मीटर आगे खेतों के रास्ते एक प्लॉट में पड़ा मिला। यहां मजदूरों द्वारा कार्य किया जा रहा है। प्लॉट स्वामी राजू ने गल्ला पड़ा होने की जानकारी पीड़ित व्यापारी के भाई रोहित को दी। पुलिस ने गल्ला बरामद किया है। इसमें से नकदी निकालकर लुटेरे खाली पड़ा छोड़ गए। गल्ले में कुछ नकदी व पर्ची पड़ी मिली हैं।

पकड़े जा सकते थे लुटेरे

मौके पर पहुंची पुलिस ने खेतों के रास्ते भाग रहे लुटेरों का पीछा करने की कोशिश नहीं की। सुबह वहीं पास में गल्ला बरामद होने से अंदाजा लगाया जा रहा कि संभवतः लुटेरे वहीं छिपे रहे होंगे। बाद में गल्ले से नकदी निकालकर फरार हो गए। अगर पुलिस थोड़ी-बहुत खोजबीन करती तो रात में ही लुटेरे पकड़े जा सकते थे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *