लखनऊ। तीन मकानों और दफ्तर से चारों ने नकदी, जेवर और कीमती सामान साफ कर दिया। पीड़ितों ने बीबीडी, मलिहाबाद और काकोरी थाने में चोरी का केस दर्ज कराया है।
बीबीडी इलाके के अनौरा कला स्थित देव विला कॉलोनी निवासी ऊषा कुमारी के मुताबिक दो सितंबर को वह परिवार के साथ गांव गई थीं। लौटने पर दरवाजे का ताला टूटा मिला। घर में रखे 1.5 लाख के जेवर व 50 हजार रुपये गायब थे। पड़ोस में रहने वाली शिप्रा वर्मा के घर से भी चोर 75 हजार के जेवर और 25 हजार रुपये ले गए थे। सीसीटीवी कैमरे में रात करीब तीन बजे चोर घर में घुसते दिखाई पड़े। इंस्पेक्टर बीबीडी राम सिंह ने बताया कि फुटेज की मदद से चोर की पहचान की जा रही है।
बालागंज में राजा विहार कॉलोनी निवासी डेल्हीवरी लिमिटेड के शाखा प्रबंधक विकास दीक्षित के मुताबिक मलिहाबाद-मिर्जागंज स्थित शाखा में चार सितंबर की रात चोर रोशनदान की सरिया निकालकर घुसे और अलमारी का लॉकर तोड़कर रुपये और सीसीटीवी का डीवीआर उखाड़ ले गए। सुबह छह बजे घटना का पता चला। इंस्पेक्टर मलिहाबाद सुरेंद्र सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर चोरों की पहचान की जा रही है।
काकोरी के नकटौरा निवासी परशुराम यादव के घर आठ सितंबर की रात दो से चार बजे के बीच घुसे चोर जेवर, 85 हजार रुपये, गुल्लक में रखे 35 हजार व जरूरी कागजात ले गए। इंस्पेक्टर काकोरी सतीश राठौड़ ने बताया कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
