विस्तार
देशभर के शीर्ष प्रबंधन संस्थानों में दाखिले के लिए हुए कॉमन एडमिशन टेस्ट (कैट-2023) का रिजल्ट बृहस्पतिवार को जारी कर दिया गया। परीक्षा में देश भर के 14 अभ्यर्थियों ने 100 पर्सेंटाइल हासिल किए हैं। इस साल टॉप-72 में सिर्फ एक ही छात्रा शामिल है। 100 परसेंटाइल वालों में 11 इंजीनियरिंग और तीन नॉन इंजीनियरिंग बैकग्राउंड के छात्र हैं।
इस साल कैट का आयोजन आईआईएम लखनऊ ने कराया है। रिजल्ट वेबसाइट www.iimcat.ac.in पर उपलब्ध है। लखनऊ के शोभित नंदन ने 99.99 पर्सेंटाइल हासिल की है। आईआईएम लखनऊ से मिली जानकारी के अनुसार 99.99 परसेंटाइल हासिल करने वालों में कुल 29 अभ्यर्थी हैं। इनमें 28 छात्र और एक छात्रा है। 99.98 परसेंटाइल में 29 अभ्यर्थी हैं और सभी छात्र हैं। 99.99 परसेंटाइल हासिल करने वालों में 22 इंजीनियरिंग और 7 नॉन इंजीनियरिंग अभ्यर्थी हैं। इसी तरह 99.98 परसेंटाइल में 20 इंजीनियरिंग और 9 नॉन इंजीनियरिंग बैकग्राउंड के हैं। कैट का आयोजन 26 नवंबर को हुआ था। इसके लिए देश भर में 167 शहर में 375 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे।
कैट स्कोर जारी होने के बाद हर आईआईएम में योग्यता के लिए अलग अलग मानक होंगे। इनमें कट ऑफ और उन्हें दिया जाने वाले वेटेज अलग-अलग हो सकता है। चयन प्रक्रिया भी अलग-अलग हो सकती है। प्रवेश में कैट स्कोर के साथ पिछले अकादमिक रिकॉर्ड, कार्य अनुभव समेत अन्य क्षेत्रों के आधार पर अंतिम रैंकिंग तैयार की जाती है।
आगे क्या
– कट ऑफ जारी होगा, पर्सनल इंटरव्यू व राइटिंग एबिलिटी टेस्ट के बाद दाखिला।
– रिजल्ट के आधार पर देश भर के आईआईएम अपनी कट ऑफ जारी करेंगे। शॉर्ट लिस्ट किए गए अभ्यर्थियों की सूची अपने संस्थान की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड करेंगे। इसके बाद पर्सनल इंटरव्यू और राइटिंग एबिलिटी टेस्ट लेंगे। इसमें सफल अभ्यर्थियों को प्रवेश मिलेगा।
