
सांकेतिक तस्वीर…
विस्तार
अयोध्या के राममंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के जश्न के दूसरे दिन मंगलवार को भी कई जगह खलल डालने की कोशिश की गई। बरेली के भोजीपुरा में सोमवार देररात एक धार्मिक स्थल पर रामलला की पूजा कर रहे लोगों पर पथराव करने का मामला सामने आया। वहीं, सोशल मीडिया पर राममंदिर के चित्र पर पाकिस्तान का झंडा लगाते हुए एडिट वीडियो वायरल कर भावनाएं आहत करने की कोशिश की गई।
भोजीपुरा क्षेत्र गांव हरवंशपुर में सोमवार देररात कुछ लोग धार्मिक स्थान पर रामलला की पूजा-अर्चना कर रहे थे। आरोप है कि गांव के अनवार, नन्हे, रफीक, कदीर वहां पहुंचे और पूजा कर रहे लोगों पर पथराव कर दिया। पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है। गांव में तनाव का माहौल है।
उधर, शाहजहांपुर के मीरानपुर कटरा के बतलैया गांव में ग्रामीणों ने शोभायात्रा निकाली थी। रास्ते में बिजली के खंभों पर राम पताकाएं लगाई गई थीं। कुछ अराजक तत्वों ने पताका निकालकर जमीन पर फेंक दीं। वीडियो वायरल होने के बाद गांव में आक्रोश फैल गया। मामले में पांच नामजद समेत 12 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
- तीन गिरफ्तार…लखनऊ के हजरतगंज चौराहे पर जश्न मनाने के दौरान आपत्तिजनक गानों पर डांस का वीडियो वायरन के बाद तीन व्यापारियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें सात दिन के लिए जेल भेज दिया गया।
- 1,500 पर केस…आगरा के ताजगंज में असामाजिक तत्वों ने एक धर्मस्थल पर चढ़कर भगवा झंडा फहरा दिया। इसका वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने 1,500 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
- आपत्तिजनक वीडियो वायरल…बरेली के फरीदपुर कस्बे में राम मंदिर की तस्वीर से छेड़छाड़ कर उस पर इस्लामी झंडा लगाकर वीडियो को सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। बदायूं में भी ऐसे ही मामले में एक गिरफ्तारी हुई है। शाहजहांपुर में धर्मस्थल पर झंडा लगाने के मामले में एक नाबालिग समेत चार पर केस दर्ज कर तीन को गिरफ्तार किया है।
