अमेठी सिटी। मौसम के बदलते मिजाज से अब सुबह-शाम ठंड का अहसास सताने लगा है। मौसम विशेषज्ञों ने हवा में नमी बढ़ने से तापमान में और गिरावट दर्ज होने की संभावना जताई है। बताया कि पहाड़ों से आ रही पछुआ हवा के कारण न्यून्तम पारे में गिरावट का दौर कायम बना रहेगा। इससे आने वाले दिनों में सर्दी का असर लगातार बढ़ेगा। उधर, चिकित्सकों ने मौसमी बदलाव के दौरान लापरवाही न बरतने की सलाह दी है। बताया कि सुबह शाम ठंडक व दिन में गर्मी के कारण जरा सी लापरवाही भी तबियत बिगाड़ सकती है।

नवंबर का आधा माह बीतने के करीब है। इसके बावजूद दिन में ठंड का अहसास नहीं हो रहा है। सिर्फ सुबह के समय ही हल्की धुंध छाने व शाम ढलने के बाद ही लोगों को ठंड के आगाज का अहसास भर हो रहा हुआ। इससे बक्सों में रखे गर्म कपड़े व कंबल इत्यादि का प्रयोग करना भी शुरू हो गया है। मौसमी बदलाव के कारण सर्दी जुकाम व बुखार के मरीजों की संख्या भी अस्पतालों में बढ़ने लगी है।

मौसम विशेषज्ञ डॉ. अमरनाथ मिश्र ने बताया कि मंगलवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री जबकि न्यूनतम 17 डिग्री और अधिकतम तापमान 30 सेल्सियस दर्ज किया गया। पछुआ हवा के झोंकों के कारण ठंड का प्रभाव अब बढ़ने लगा है। आने वाले दिनों में हवा में नमी बढ़ने से तापमान में और गिरावट दर्ज होने के आसार हैं।

हृदय, सांस के रोगी रखें ध्यान

सुबह और शाम होने वाली ठंड व दिन में पारा सामान्य बने रहने के कारण हृदय व सांस रोगियों के लिए खास तौर पर परेशानी बढ़ सकती है। जिला अस्पताल के डॉ. अमित यादव ने बताया कि ऐसे में हृदय व सांस के रोगियों को हल्के गर्म कपड़े पहनना शुरू कर देना चाहिए। बताया कि ओपीडी में ज्यादातर सांस और वायरल के चपेट में आए लोग इलाज कराने के लिए पहुंच रहे हैं। बदलते मौसम में जरा सी बेपरवाही बीमार बना सकती है।

यह बरतें सावधानी

– फ्रिज का पानी न पीएं। ताजा व पौष्टिक भोजन लें।

– सोने से पहले गुनगुना पानी जरूर पीएं।

– बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें।

– सुबह-शाम की सैर के समय में बदलाव करें।

– परेशानी होने पर सिर्फ डॉक्टरी परामर्श से ही दवा लें।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *