लखनऊ। पीजीआई क्षेत्र में रायबरेली रोड निवासी विनय कुमार ने दंपती पर 14 लाख रुपये ठगने का आरोप लगाया है। दंपती व तीन अन्य पर पिटाई करने का भी आरोप लगाया है। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने पांच के खिलाफ एफआईआर दर्ज की।
विनय के मुताबिक वर्ष 2022 में वह एक दुकान की तलाश में थे। उनके परिचित पीजीआई क्षेत्र के अमित चौहान ने उनकी मुलाकात गुडंबा के गौराबाग के रविंद्र कुमार से कराई। रवींद्र ने अपनी दुकान 18 लाख में बेचने की बात कही। विनय ने कई किस्तों में 14 लाख रुपये अदा किए। आरोप है कि जब उन्होंने रवींद्र से रजिस्ट्री की बात कही तो टालमटोल करने लगा। बीती 24 मार्च को वह रवींद्र के दफ्तर पहुंचे तो वह उसकी पत्नी, अमित और दो अज्ञात गाली-गलौज करने लगे। विरोध पर पांचों ने पीट दिया।
पीड़ित का आरोप है कि रवींद्र खुद को पीसीएस अधिकारी बताता है। यह भी आरोप है कि पुलिस से शिकायत की, पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। ऐसे में कोर्ट की शरण ली। इंस्पेक्टर धीरेंद्र कुमार सिंह के मुताबिक एडिशनल इंस्पेक्टर आशीष शर्मा विवेचना कर रहे हैं। साक्ष्य मिलने पर कार्रवाई होगी।
