
Yogi Adityanath
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
जो उत्तर प्रदेश 2017 से पहले देश के विकास का ब्रेकर माना जाता था, आज वही देश को 50 खरब अमेरिकी डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लिए ब्रेक थ्रू माना जा रहा है। पहले जहां हर साल तीन सौ से ज्यादा दंगे होते थे, वहीं अब युवाओं को शारीरिक रूप से सुदृढ़ बनाने के लिए दंगल होते हैं।
पहले युवाओं के हाथों में तमंचे होते थे, अब टैबलेट दिखाई देता है। यह बदलता हुआ उत्तर प्रदेश है। इसलिए अब राइजिंग के बाद शाइनिंग यूपी (उभरता और चमकता हुआ यूपी) है। अमर उजाला संवाद में राइजिंग उत्तर प्रदेश सत्र में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इन शब्दों में बीते सात वर्षों में बदले हुए उत्तर प्रदेश की तस्वीर पेश की।
कहा कि सरकार ने तुष्टीकरण नहीं बल्कि अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की संतुष्टि को आधार बनाकर काम किया है। तुष्टीकरण सरकार का काम नहीं है, होना भी नहीं चाहिए। उनकी सरकार ने किसी का तुष्टीकरण नहीं किया, बल्कि सर्व समाज की संतुष्टि के लिए कार्य किए हैं।
अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति की संतुष्टि का लक्ष्य होना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की इस सच्ची भावना को सम्मान देते हुए काम किया तो परिणाम सभी के सामने है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम दमदार तरीके से कह सकते हैं कि यूपी भारत की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बनने का सामर्थ्य रखता है। अब राइजिंग के साथ शाइनिंग के रूप में तस्वीर सामने है। पहले हर योजना में यूपी पीछे रहता था, अब नंबर एक पर है।