
कबीर चौरा परिसर स्थित संत कबीर की समाधि व मजार। (फाइल)
– फोटो : अमर उजाला।
विस्तार
मगहर स्थित संत कबीर समाधि के मुख्य पुजारी की कुछ लोगाें ने बृहस्पतिवार की शाम पिटाई कर दी। इसके साथ ही पिस्टल से हमला करने का आरोप पुजारी ने लगाया। पुजारी की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने तीन नामजद व सात अज्ञात पर केस दर्ज किया है। पुलिस जांच-पड़ताल में जुटी है।
संतकबीर चौरा मठ के शांति दास चेला महंत विचार दास का आरोप है कि वह सदगुरु कबीर समाधि के मुख्य पुजारी हैं। वह अनुसूचित जाति के हैं। 28 दिसंबर को पूजा स्थल पर पूजा और साफ-सफाई कर रहे थे।
इसी बीच अनिल दास चेला स्व. गंगाशरण दास निवासी मदरवा, थाना लंका, जनपद वाराणसी अपने साथी सुधीर यादव और सुरेंद्र यादव पुत्र स्व. शामराज यादव निवासी मइला, थाना सहजनवां, जनपद गोरखपुर सात अज्ञात लोगों के साथ लेकर लाठी, डंडा, पिस्टल आदि से लैस होकर मठ परिसर में घुस आए।
तमाम श्रद्धालुओं के सामने जातिसूचक शब्दों बोलकर व गाली देकर लात-मुक्के से पीटकर घायल कर दिया। इसके साथ ही पिस्टल की बट से मारा। इससे वह घायल हो गए। चिल्लाने पर मठ के रोहित दास, श्यामधनी दास आदि अन्य लोगों ने मौके पर पहुंचकर उन्हें बचाया। इसके साथ ही अस्पताल ले गए। बताया जा रहा है कि मठ के अंदर अंदरूनी कलह में यह विवाद हुआ है।
कोतवाल ब्रजेंद्र प्रसाद पटेल ने कहा कि कबीर चौरा के मुख्य पुजारी शांति दास ने तहरीर दी है। इसके आधार पर अनिल दास, सुधीर यादव, सुरेंद्र यादव समेत सात अज्ञात पर केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच- पड़ताल की जा रही है। घायल पुजारी को पुलिस अभिरक्षा में मेडिकल परीक्षण और दवा उपचार के लिए अस्पताल रवाना कर दिया गया है।