
क्रिसमस पर्व पर सजाई गई एक चर्च।
– फोटो : amar ujala
विस्तार
क्रिसमस पर्व पर गिरिजाघरों में प्रार्थना सभाएं आयोजित की गईं। लोगों ने एक दूसरे को बधाई देते हुए केक व मिष्ठान का वितरण किया। वहीं, बाजार में दुकानों पर भी केक व मिष्ठान खरीदने के लिए लोग उमड़े। शहर के प्रमुख चर्चों में राजा यीशु पैदा हुआ है, हाले लुइया गाओ… के गीत सुनाई दिए। वहीं लोगों ने घरों में क्रिसमस-ट्री सजाया व लोगों को उपहार बांटे। सोशल मीडिया पर बधाई संदेश साझा कर लोगों ने पर्व मनाया।
शहर के आंबेडकर चौक स्थित संत थॉमस चर्च में सोमवार सुबह आठ बजे से ही लोग पहुंचने लगे। चर्च परिसर को रंगीन झालरों के साथ ही रंगबिरंगे गुब्बारों से सजाया गया है। चर्च परिसर में सुबह 10 बजे से प्रार्थना सभा शुरू हुई, जो शाम तीन बजे तक चलती रही। मुख्य पास्टर अखिलेश कुमार सिंह ने प्रभु यीशु का संदेश सभी को दिया।
उन्होंने एक दूसरे के प्रति प्रेम व सौहार्द रखने के लिए प्रेरित किया। वहीं मौके पर मौजूद लोगों ने अपने तरीके से प्रभु यीशु को याद किया। प्रभु यीशु की याद में लोगों ने गीत भी प्रस्तुत किए। इस मौके पर रेबरन आशीष आर्चर, आइरिश सिंह, अभिनव सिंह और आशीष सिंह आदि मौजूद थे।
शहर के सर्कुलर रोड स्थित फातिमा चर्च में क्रिसमस पर्व धूमधाम से मनाया गया। फातिमा स्कूल के प्रधानाचार्य फादर पाल कोरेया ने प्रभु यीशु मसीह के बताए रास्ते पर चलने का संदेश दिया। इस मौके पर संजीव अग्रवाल, फादर जॉन रोनी डिसूजा, स्मिता, चैतन्या, कॉलिस्टा, लीडिया आदि मौजूद थे। बस स्टेशन के पास मेथोडिस्ट चर्च में भी लोगों की भीड़ रही। लोगों ने एक दूसरे को बधाई दी।
