
सीएम योगी आदित्यनाथ
– फोटो : अमर उजाला।
विस्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज बरेली में रहेंगे। यहां लगभग साढ़े तीन हजार करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास करेंगे। साथ ही मंडलीय समीक्षा बैठक कर विकास कार्यों की प्रगति जानेंगे। इससे पहले वह शाहजहांपुर में ददरौल विधायक मानवेंद्र सिंह के निधन के चलते उनके परिजनों से मिलकर संवेदना व्यक्त करने जाएंगे। मुख्यमंत्री उनके पैतृक आवास पर सुबह 11:45 बजे पहुंचेंगे।
शहर में मुख्यमंत्री के कई कार्यक्रमों की वजह से यातायात पुलिस ने रूट डायवर्जन लागू किया है। यह डायवर्जन सुबह आठ से शाम छह बजे तक लागू रहेगा। एसपी ट्रैफिक शिवराज ने बताया कि लखनऊ से बरेली होकर दिल्ली की तरफ जाने वाले भारी वाहन फरीदपुर से बड़ा बाइपास होते हुए जा सकेंगे। दिल्ली से लखनऊ की ओर जाने वाले वाहन भी इसी मार्ग से जाएंगे।
बरेली से रामपुर, मुरादाबाद की तरफ जाने वाले भारी वाहन बड़ा बाइपास होकर निकलेंगे। नैनीताल, पीलीभीत रोड से लखनऊ की ओर जाने वाले भारी वाहन बड़ा बाइपास से इन्वर्टिस तिराहा होते हुए जा सकेंगे। बरेली से आगरा की ओर जाने वाले भारी वाहन इन्वर्टिस तिराहे से बड़ा बाइपास, मिलक, रामपुर, शाहबाद, बिलारी, बबराला, गुन्नौर, नरौरा अलीगढ़ होकर आवागमन कर सकेंगे। रामपुर से लखनऊ की ओर जाने वाले वाहन नेशनल हाईवे से बड़ा बाइपास से होते हुए गंतव्य को जा सकेंगे।
