12:17 PM, 09-Oct-2025
पांच जगहों पर खड़े होंगे वाहन
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर शहर में पांच जगहों पर वाहनों की पार्किंग व्यवस्था बनाई गई है। एसपी कार्यालय से जारी सूचना के अनुसार विजय चौधरी का हाता, मेडिकल कॉलेज के गेट नंबर एक, प्रदर्शनी स्थल, पटाखा मार्केट व जायसवाल टावर में वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है। लोग यहां से कार्यक्रम स्थल तक पैदल जाएंगे।
12:17 PM, 09-Oct-2025
रूट डायवर्जन सुबह दस बजे से शाम को पांच बजे तक रहेगा
वहीं, कानपुर की ओर से शहर में प्रवेश करने वाले वाहन राठ रोड कट, करमेर रोड हाईवे कट, अजनारी हाईवे व बड़गांव हाईवे कट से आएंगे। उरई से कानपुर, झांसी की ओर जाने वाले चार पहिया वाहन राठ रोड हाईवे कट, करमेर रोड, अजनारी, बड़ागांव हाईवे कट से जा सकेंगे। कोंच, जालौन की ओर से उरई होते हुए झांसी, कानपुर जाने वाले वाहन मैकेनिक नगर तिराहा होते हुए बड़ागांव हाईवे कट से जाएंगे। झांसी, कानपुर हाईवे की ओर से आने-जाने वाली रोडवेज व प्राइवेट बसें और अन्य यात्री वाहन बड़ागांव हाईवे कट से जाएंगे।
11:40 AM, 09-Oct-2025
गोविंद तिराहा से शहर के अंदर नहीं आ सकेंगे वाहन
उरई शहर में मुख्यमंत्री के गुरुवार को कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने यातायात व्यवस्था बनाए रखने को लेकर रूट डायवर्जन किया है। गोविंद तिराहा हाईवे से रामेश्वर चौराहा तक सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन पूर्ण रूप से प्रतिबंध रहेगा। इस मार्ग पर आपात सेवा में लगे वाहन, फायर व एंबुलेंस पर प्रतिबंध नहीं रहेगा। यह व्यवस्था सुबह दस बजे से शाम को पांच बजे तक रहेगी।
11:36 AM, 09-Oct-2025
एडीजी ने मुख्यमंत्री कार्यक्रम स्थल का लिया जाएजा
अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन कानपुर आलोक सिंह ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल का अधिकारियों के साथ जायजा लिया। एडीजी ने इंदिरा स्टेडियम में जनसभा स्थल का निरीक्षण करने से पहले रिजर्व पुलिस लाइन में बनाए गए हेलीपैड का निरीक्षण किया। इस स्थान से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जनसभा स्थल लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर इंदिरा स्टेडियम में है। मुख्यमंत्री यहां तक स्टॉफ कार से पहुंचेंगे। इससे पहले उनका हेलीकॉप्टर रिजर्व पुलिस लाइन में उतरेगा। डीएम राजेश कुमार पांडेय और एसपी डॉक्टर दुर्गेश कुमार ने पुलिस लाइन से लेकर इंदिरा स्टेडियम तक के सभी सुरक्षा बिंदुओं के बारे में उन्हें जानकारी दी।
10:10 AM, 09-Oct-2025
CM Yogi Orai Visit: सीएम योगी का आज उरई दौरा, आगमन की तैयारियां पूरी…2:10 पर उतरेगा हेलीकॉप्टर, पढ़ें डिटेल
उरई में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इंदिरा स्टेडियम में आयोजित जनसभा को आज संबोधित करेंगे। वहां वह करोड़ों रुपये की योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण करेंगे। उनका हेलीकॉप्टर 2:10 पर पुलिस लाइन ग्राउंड में उतरेगी। सुबह पांच बजे तक मंच को अंतिम रूप दे दिया गया है। सुबह से ही कर्मचारी व्यवस्था में लगे हुए हैं। चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा लगा दिया गया है। वह झांसी से जनसभा को संबोधित कर उरई आ रहे हैं। एक घंटे 10 मिनट तक जिले में रहने के बाद वह कानपुर के लिए रवाना हो जाएंगे।
