राजधानी लखनऊ में शनिवार को दिलकुशा में दिवंगत पत्रकार कमाल खान की स्मृति में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें कॉमेडियन जाकिर खान ने भी हिस्सा लिया। पत्रकार कमाल खान को याद करते हुए उन्होंने कहा कि कमाल खान जैसे लोगों से लखनऊ की पहचान और बड़ी हुई है। इस मौके पर उन्होंने किस्सागो हिमांशु बाजपेयी से बातचीत की।
बातचीत में उन्होंने कहा कि जादू जैसी शै पर इसलिए यकीन है कि दुनिया में दोस्ती जैसी नेमत है। दोस्त आपके अच्छे-बुरे दिनों के साथी और दिल का मरहम ही नहीं, जरूरत पड़ने पर वो आपके लिए जान भी दे सकते हैं। बाशिंदों के संस्कार और तहजीब से उस शहर की पहचान का पता लगता है। लखनऊ को जानना हो तो वहां के लोगों को जानिए। लखनऊ के लोगों ने इस शहर को दुनिया में मशहूर किया।
उनसे पूछ कर बताती हूं, स्त्रियों का सबसे बड़ा स्कैम
जाकिर खान ने हल्के-फुल्के अंदाज में बात करते हुए कहा कि घर की महिलाएं जानबूझ कर दुनिया के सामने अपने पति की सख्त इमेज गढ़ती हैं। इसके बाद महिलाएं हर बात पर कहती हैं- उनसे पूछकर बताती हूं और खुद ही सारा फैसला करती हैं, पति बेचारे को कुछ पता ही नहीं होता। यह उनका सबसे बड़ा स्कैम है। इस पर दर्शकों के ठहाके लगे। चुटीले अंदाज में उन्होंने जॉइंट फैमिली में होने वाले रोजमर्रा के खींचतान वाली कहानियां सुनाकर लोगों को लोटपोट किया। इंदौर से मुंबई शिफ्ट होने और नए घर पर लोगों की अड्डेबाजी की कहानी सुनाई। कहा कि अपने शहर को छोड़ जाने की टीस दिल में हमेशा जिंदा रहती है।
छह होनहार बच्चों को मिली छात्रवृत्ति
मजहर फारुकी के आगाज फाउंडेशन और कमाल फाउंडेशन की ओर से कार्यक्रम में शहर के छह होनहार बच्चों को जाकिर हुसैन और हिंमाशु बाजपेयी के हाथों 50 हजार रुपये की छात्रवृत्ति दी गई। इसमें लविवि की छात्रा शुभी त्रिपाठी के अलावा मौ. कैफ, बिलाल मंसूरी, प्रांजल यादव, सौम्या यादव, फैज हसन शामिल रहे।
कमाल खान को दी श्रद्धांजलि
दिवंगत पत्रकार कमाल खान को उनकी पत्नी रुचि, वरिष्ठ पत्रकार शरत प्रधान, सामाजिक कार्यकर्ता दीपक कबीर व ज्योत्सना आदि ने दीप जलाकर श्रद्धांजलि दी। कबीर की रचनाओं साधौ जग दर्शन का मेला, हमन है इश्क मस्ताना… पर कलाकारों ने सूफी नृत्य पेश किया। इसके बाद पर्दे पर पत्रकार कमाल खान की चुनिंदा रिपोर्ट दिखाई गईं, जिसे देखकर कई मौकों पर दर्शक भावुक होकर रोते नजर आए। मौके पर सांसद डॉ. दिनेश शर्मा, प्रसार भारती बोर्ड के चेयरमैन नवनीत सहगल, वंदना सहगल, वरिष्ठ पत्रकार सुधीर मिश्र समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।