
मैनपुरी पुलिस
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
मैनपुरी के बिछिया रोड पर शनिवार की शाम कंप्यूटर सेंटर बंद करने के बाद बाइक से घर जा रहे संचालक से मोबाइल लूट लिया गया। बाइक सवार बदमाशों ने विरोध करने पर युवक को गोली मार दी। कंप्यूटर सेंटर संचालक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से मेडिकल कॉलेज सैफई रेफर कर दिया गया। पुलिस घटना को संदिग्ध मानते हुए जांच कर रही है।
थाना कुर्रा क्षेत्र के गांव नगला नैनसुख निवासी सत्यभान कोतवाली क्षेत्र में भांवत चौराहा के पास कंप्यूटर सेंटर का संचालन करते हैं। शनिवार की शाम सेंटर बंद करने के बाद बाइक से वापस गांव लौट रहे थे। तभी बिछिया रोड पर पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने उसकी बाइक की चाबी निकाल ली। बाइक गिर गई, इसके बाद बदमाशों ने सत्यभान को पीटना शुरू कर दिया और मोबाइल छीन लिया।
विरोध करने पर एक बदमाश ने सत्यभान को गोली मार दी। जांघ में गोली लगने से सत्यभान गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात अंजाम देने के बाद बाइक सवार बदमाश वहां से भाग गए। राहगीरों ने घायल कंप्यूटर सेंटर संचालक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से मेडिकल कॉलेज सैफई के लिए रेफर कर दिया गया। इंस्पेक्टर कोतवाली फतेह बहादुर भदौरिया ने बताया कि घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
मौके पर ही मिला मोबाइल और बाइक की चाबी
पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही है, इसके पीछे पुलिस कुछ तर्क भी लेकर चल रही है। दरअसल सत्यभान ने बदमाशों द्वारा मोबाइल लूटने और बाइक की चाभी निकालने की बात कही थी। लेकिन पुलिस को जांच के दौरान घटनास्थल से ही मोबाइल और चाभी मिल गई। पुलिस मामले की तह तक जाने के लिए रास्ते में लगे सीसीटीवी खंगाल रही है।
