
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भेजा सैलून का सामान।
– फोटो : amar ujala
विस्तार
रायबरेली जिले के लालगंज कस्बे के बृजेंद्र नगर मोहल्ला स्थित सैलून संचालक मिथुन नाई को राहुल गांधी की ओर से सामान भेजा गया है। सैलून से संबंधित सामान पाकर मिथुन बेहद खुश है। गत 13 मई को राहुल गांधी की बैसवारा इंटर कॉलेज खेल मैदान में जनसभा हुई थी जिसके बाद लौटते समय उन्होंने मिथुन की दुकान में उतरकर दाढ़ी और बाल कटवाए थे।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बाल काटने से चारों ओर मिथुन की चर्चा होने लगी। राहुल गांधी के दाढ़ी व बाल कटवाने का वीडियो भी सोशल मीडिया में जमकर वायरल हुआ था। बृहस्पतिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नेता प्रतिपक्ष व सांसद राहुल गांधी की ओर से भेजे गए एक शैंपू चेयर, दो हेयर कटिंग चेयर व एक इनवर्टर बैटरी मिथुन को सौंपा। मिथुन ने सामान पाकर खुशी व्यक्त करते हुए राहुल गांधी का आभार व्यक्त किया।
ये भी पढ़ें – अखिलेश यादव बोले- मंगेश को घर से उठाकर हत्या की गई, भाजपा ने प्रदेश को फेक एनकाउंटर की राजधानी बना दिया
ये भी पढ़ें – अखिलेश यादव ने मायावती के दावों पर दिया जवाब, बोले- अपनी कमियां छिपाने के लिए लगा रहीं आरोप
उन्होंने कहा कि देश के इतने बड़े नेता ने उसके सैलून में दाढ़ी और बाल कटवाए यह उसके लिए बड़ी बात है। उसने यह नहीं सोचा था कि वह अपनी जिंदगी में कभी इतने बड़े आदमी के दाढ़ी व बाल काटेगा।
मिथुन ने बताया कि एक बार फिर राहुल गांधी के भेजे गए उपहार से उसे बेहद खुशी हो रही है। सामान मिलने के बाद उसने राहुल गांधी का आभार व्यक्त किया है।
