अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। जिला पंचायत बोर्ड की बैठक बुधवार को हुई। इसमें निर्माण विभाग निशाने पर रहा। कई सदस्यों ने निर्माण कार्यों में अनियमितताएं बरतने के आरोप लगाए। पूर्व में पारित हो चुके प्रस्तावों पर अमल न करने पर सदस्यों ने अपर मुख्य अधिकारी को भी घेरा। इसके अलावा, अन्य मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
बारिश की वजह से बोर्ड की बैठक एक घंटे देरी से शुरू हुई। शुरुआत से ही कुछ सदस्यों के तेवर तल्ख रहे। सपा जिलाध्यक्ष और भोजला से जिला पंचायत के सदस्य बृजेंद्र यादव ने कहा कि गांवों में लगवाई गईं स्ट्रीट लाइट खराब पड़ी हैं। इससे संबंधित ठेकेदार ठीक नहीं कर रहा है। बावजूद, ठेकेदार पर कार्रवाई नहीं की जा रही है, जबकि उसे ब्लैक लिस्ट किया जाना चाहिए। इस पर एएमए ने बताया कि ठेकेदार को दो नोटिस जारी किए जा चुके हैं। उससे लाइटें ठीक कराई जा रहीं हैं।
सदस्य गोलू माते बरल ने कहा कि जिला पंचायत की समितियां 2022 से भंग हैं, जो आज तक नहीं बनाई गईं। बगैर समिति के मनमाने ढंग से काम कराए जा रहे हैं। इसके अलावा, उन्होंने कहा कि जिला पंचायत में ठेकेदारों की पांच-पांच हजार रुपये की रसीदें काटी जा रही हैं। इस मद में इकट्ठा हुए पैसे का विवरण दिया जाए। सदस्य रजनी ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि क्षेत्रों में होने वाले कामों की सदस्यों को जानकारी ही नहीं दी जाती है।
अमनदीप ने कहा कि निर्माण विभाग की ओर से कई काम शुरू नहीं किए गए हैं, लेकिन कागजों में उन्हें पूर्ण दर्शा दिया गया है। यह गंभीर अनियमितता है। इस मुद्दे पर अन्य सदस्य भी उनके साथ खड़े नजर आए। इस पर जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम ने मुख्य अभियंता को फटकार भी लगाई। साथ ही सदस्यों को क्षेत्र में होने वाले प्रत्येक कार्य की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। चिरगांव के ब्लॉक प्रमुख राजकांतेश वर्मा ने कहा कि निर्माण विभाग की ओर से ठेकेदारों को परेशान किया जा रहा है। करोड़ों के टेंडर होने के बाद भी भुगतान नहीं किया जा रहा है। दो साल बाद भी अमृत सरोवर तालाबों का भुगतान नहीं किया गया।
यह मुद्दे भी उछले…
– जिला पंचायत की जमीनों को कब्जा मुक्त नहीं कराया गया, जबकि फुटपाथी दुकानदारों की रसीद काटी जा रही है।
– किसी सदस्य के क्षेत्र में कितना काम हुआ, उसकी सूची दी जाए।
– बिजली विभाग के अधिकारी जिला पंचायत सदस्यों के नहीं उठाते फोन।
– स्वावरी में श्मशान घाट का बुरा हाल, भदरवार में स्कूल भवन में सुधार की है दरकार।
– पिछली बैठक में सदस्यों के शैक्षिक भ्रमण का प्रस्ताव हुआ था पारित, लेकिन हुआ कुछ नहीं।
– सेंदरी में सड़क से छह-आठ फीट की ऊंचाई पर झूल रहे बिजली के तार। हादसे के बाद भी नहीं बदल रहे हालात।
– खनिज चौकियों पर मनमानी हो रही वसूली।
0000000
अफसरों को खिलाई जाए च्यवनप्राश
जिला पंचायत सदस्य रोहित राजपूत ने कहा कि अधिकारी सदस्यों के फोन नहीं उठाते हैं। उठा भी लेते हैं तो वे अपनी व्यस्तताएं बता देते हैं। उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा कि अधिकारी काम के बोझ के मारे हैं, ऐसे में उन्हें पंचायत की ओर से च्यवनप्राश खिलाई जाए। इस पर पूरा सदन ठहाके मारकर हंस पड़ा।
एमएलसी ने भी साझा किया दर्द
एमएलसी रमा निरंजन ने कहा कि पिछली बैठक में उन्होंने निर्माण कार्यों के नौ प्रस्ताव दिए थे, इनमें कितनों पर काम हुआ और कितनों पर नहीं, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं दी गई है। निर्माण विभाग को इसकी सूचना देनी चाहिए।
धार्मिक स्थल की जमीन पर बना दीं दुकानें
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम ने कहा कि एरच में एक धार्मिक स्थल को जिला पंचायत की जमीन आवंटित की गई थी। इस जमीन पर दुकानें बनाकर किराया वसूला जा रहा है। संबंधित को नोटिस जारी कर वसूली की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि खनिज चौकियों पर रेट लिस्ट लगवाई जाएगी। जिला पंचायत की खाली पड़ी जमीनों का व्यावसायिक इस्तेमाल किया जाएगा। बैठक में गरौठा विधायक जवाहरलाल राजपूत, एमएलसी रमा निरंजन, ब्लॉक प्रमुख भारती आर्य आदि रहीं।
