
पुलिस गिरफ्त में तीन साल की बच्ची की हत्या का आरोपी
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
तीर्थनगरी मथुरा में मांट थाना क्षेत्र के गांव बिलंदपुर गांव में बीती 24 जनवरी की शाम तीन साल की बच्ची की गला रेतकर हत्या उसके ही 19 वर्षीय तहेरे भाई ने की थी। दरअसल, हत्यारोपी तहेरे भाई ने घर में ही धनतेरस के दिन चोरी कर ली थी। उस वक्त बच्ची के पिता ने उसे थप्पड़ मार दिया था। उस थप्पड़ की खुन्नस में बच्ची की हत्या की गई। पुलिस ने शनिवार को आरोपी को जेल भेजा।
एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय ने बताया कि प्रियल पुत्री हाकिम सिंह घर में गला रेतकर हत्या हुई थी। हत्या का आरोपी मृतक बच्ची के ताऊ का लड़का अरुण पुत्र बबलू सिंह निकला। बीती धनतेरस के दिन आरोपी अरुण ने हाकिम के घर में चोरी की थी। इसमें दो अंगूठी और मंगलसूत्र चुराया था। मृत बालिका के पिता ने अरुण के साथ मारपीट की थी। इसी खुन्नस में प्रियल की हत्या अरुण द्वारा करना स्वीकारा गया।
बच्ची के रोने से अपने मंसूबे में सफल हुआ अरुण
एसपी देहात त्रिगुण बिसेन ने बताया कि बच्ची के परिवार वालों से पूछताछ की गई, जिसमें सामने आया कि वारदात वाले दिन बच्ची की मां साधना अपने छोटे बेटे को दवा दिलाने घर से अरुण के साथ बाइक पर जा रही थी। तभी बच्ची रोने लगी। अरुण ने साधना को कहा कि वह प्रियल को दुकान से टॉफी दिलाकर और कमरे में सुलाकर आ जाएगा।
इस पर साधना घर से कुछ दूर जाकर अरुण का इंतजार करने लगी, मगर वह नहीं पहुंचा। अरुण ने पुलिस पूछताछ में बताया कि चाची साधना के जाने के बाद वह बच्ची को टॉफी दिलाने के बाद उसे सीधे कमरे में ले गया। वहां घरेलू कामकाज के चाकू से हत्या कर दी। घटना में प्रयुक्त चाकू फील्ड यूनिट द्वारा घटनास्थल से बरामद कर लिया गया है।
