कानपुर में अतिक्रमण और अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई करने की जिम्मेदारी नगर निगम और केडीए की है। विभाग अपने कब्जे ढहाये पुलिस उन्हें पूरी सुरक्षा देगी। अगर कहीं ज्यादा जरूरत हुई तो पीएसी लगा दी जाएगी। यह बात पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने कही। वह बुधवार को अमर उजाला के संवाद कार्यक्रम में पाठकों और शहर की प्लानिंग को लेकर पूछे गए सवालों के जवाब में बोल रहे थें। उन्होंने कहा कि कमिश्नर, केडीए वीसी और नगर आयुक्त को अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए पत्र लिखा गया है।
बेहतर ट्रैफिक व्यवस्था के लिए चौराहों और तिराहों पर लगे सिग्नल सिस्टम को ठीक कराए जाएंगे। शहर में जाम की विकट समस्या है, जिसको कम करने का प्रयास किया जा रहा है। सीसीटीवी कैमरों और पब्लिक अवेर्यनेंस सिस्टम की संख्या बढ़ाई जाएगी। शिकायतकर्ता अपनी बात या शिकायत अधिकारियों से कर सकते हैं। उनके लिए ही पुलिस कमिश्नर कार्यालय हैं। वह स्वयं सुबह दस से शाम चार बजे तक बैठते है। किसी को दूसरों से एप्लीकेशन लिखवाने की आवश्यकता नहीं है। वह केवल हाथों से अपनी बात लिखकर दे दे, उनकी शिकायत पर जांच और कार्रवाई होगी।
– साढ़े आठ हजार रुपये की ठगी हो गई है। डीसीपी दक्षिण कार्यालय में शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई ? (अरविंद कुमार गुप्ता, साकेतनगर)
साइबर सेल ने कई लोगाें को अभी गिरफ्तार किया है। मामले की जांच चल रही होगी। फिर भी आपके मामले में पता लगाया जाएगा। किसी के साथ भी साइबर अपराध हो तो तुरंत 1930 पर कॉल करनी चाहिए।
– टाटमिल चौराहा, झकरकटी बस अड्डे और शहर के अन्य जगहों पर जाम की समस्या बनी हुई है । (प्रखर, बर्रा)
टाटमिल चौराहे और झकरकटी बस अड्डे को प्राथमिकता के आधार पर दिखवाया जा रहा है। शहर में ट्रैफिक की समस्या को दुरुस्त करने के लिए नए सिरे से प्लानिंग की जा रही है।
