संवाद न्यूज एजेंसी, आगरा
Updated Tue, 27 Aug 2024 01:59 AM IST

कासगंज। जन्माष्टमी पर मथुरा में कान्हा के दर्शन करने और गोगामेड़ी राजस्थान में जाने वाले श्रद्धालु यात्रियों की खासी भीड़ रही। बड़ी संख्या में श्रद्धालु ट्रेनों से मथुरा और गोगामेड़ी के लिए रवाना हुए। इससे ट्रेनों में खासी भीड़ रही। रोडवेज ने भी यात्रियों की संख्या को बढ़ते देख सुबह के समय फेरे बढ़ाए।रविवार की शाम से ही मथुरा और गोगामेड़ी राजस्थान की ओर जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ी रही। सुबह के समय खासी भीड़ रेलवे स्टेशन पर रही। यात्रियों को सुबह ट्रेनों में टिकट लेने के लिए लाइनों में लगना पड़ा। श्रद्धालुओं को काफी देर तक अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। यात्रियों को ट्रेन में स्थान पाने के लिए परेशानी हुई। ट्रेन में खासी भीड़ रही। मथुरा में जन्माष्टमी मनाने का खासा क्रेज रहता है। श्रद्धालु वीर सिंह निवासी फरीदनगर ने बताया कि मान्यता है कि सावन में अष्टमी व नवमी को गोगामेड़ी में दर्शन करने पर सभी कष्ट दूर हो जाते हैं, सभी इच्छाएं पूर्ण हो जाती हैं। इसी के चलते अष्टमी व नवमी को गोगामेड़ी में खासी भीड़ रहती है। वैसे पूरे सावन और भादों में मेला रहता है। बस संचालन प्रभारी बृजेश कुमार ने बताया कि जन्माष्टमी पर भीड़ की संभावना देखते हुए सुबह के समय मथुरा के लिए फेरे बढ़ाए गए।
