संवाद न्यूज एजेंसी
मोंठ। मोंठ कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नंदपुरा में शनिवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। 26 वर्षीय अजय परिहार ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से पहले अजय ने फांसी के फंदे का वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर अपलोड किया। जिसमें वह फूट-फूट कर रोते हुए नजर आ रहा था।
इस घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। जैसे ही ग्रामीणों ने अजय का वीडियो देखा, उन्होंने तुरंत इसकी सूचना उसके परिजनों को दी। परिजन जब घर पहुंचे तो उनके होश उड़ गए। घर के अंदर अजय का शव फांसी के फंदे से लटकता हुआ मिला।
घटना की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद उप निरीक्षक अवधेश कुमार, अशोक कुमार, और दीपक कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए झांसी भेज दिया।
अजय परिहार अपने पिता का इकलौता बेटा था। उसके इस तरह अचानक जीवन समाप्त कर लेने से पूरे परिवार और गांव में शोक की लहर है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि अजय ने यह कदम क्यों उठाया।
स्पष्ट नहीं हो पाई आत्महत्या की वजह
अजय के आत्महत्या करने के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है। परिजनों ने बताया कि अजय पिछले कुछ दिनों से तनाव में था, लेकिन उसने कभी किसी बात का जिक्र नहीं किया। इस घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर होगी कार्रवाई
पुलिस क्षेत्राधिकारी मोंठ हरिमोहन सिंह ने बताया कि मृतक के चाचा ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देते हुए बताया कि उनके भतीजे ने मकान के पीछे एक पेड़ पर रस्सी बांधकर फांसी लगा ली है। सूचना पर फॉरेंसिंक टीम को घटना स्थल पर भेज कर जांच कराई गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
