आगर में साइबर ठगों ने युवक को काॅल कर बातों में उलझाया और मोबाइल हैक कर लिया। कुछ ही देर में एक-एक कर ओटीपी आने लगे। फ्लिपकार्ट की साइट से 1. 47 लाख का कूपन सुधीर चौधरी नाम की आईडी में जमा दिखाने लगा। इस पर सुल्तानपुरा कैंट क्षेत्र के पीड़ित डेयरी संचालक राहुल अग्रवाल ने साइबर थाना में केस दर्ज कराया।
पीड़ित ने बताया कि 25 सितंबर की रात करीब 9:30 बजे अज्ञात नंबर से कॉल आई। उस पर एक लड़की बात करने लगी। वह निजी जानकारी देकर परिचित की तरह बात कर रही थी। बातों में उलझाते हुए उसने कई मिनट तक बात की। शक होने पर काॅल काट दी। इसके बाद क्रेडिट कार्ड से 6 बार में फ्लिपकार्ट पर 1.47 लाख का लेन-देन हुआ। यह वाराणसी के सुधीर चौधरी नाम की आईडी पर 18 कूपन के रूप में दिख रहा है। संवाद
अनजान कॉल पर 20 सेकंड से ज्यादा बात न करें
साइबर ठग त्योहारों पर ठगने के लिए नए-नए तरीके अपनाते हैं। आपके मोबाइल पर कॉल कर देर तक बने रहने के लिए लुभवाने ऑफर देते हैं। एपीके फाइल भेजकर क्लिक करने के लिए प्रेरित करते हैं। लिंक पर क्लिक करते ही फोन हैक हो जाएगा।
यह न करें
एचटीटीपी वाला यूआरएल कतई इस्तेमाल न करें। गेटवे चेक कर ही पेमेंट करें। देख लें कोई बीच में ब्रोकर न हो। शॉपिंग के दौरान यूआरएल टाइप करने के दौरान आधा नहीं पूरा यूआरएल टाइप करें। गूगल से यूआरएल न देखें, अक्सर धोखा होता है। त्योहार के समय नई वेबसाइट व एप से बचें।
