Dead body of SDM orderly found on railway track

​शिव शंकर पांडे (फाइल फोटो)

अमेठी। लखनऊ वाराणसी रेल खंड स्थित ताला रेलवे क्रॉसिंग के समीप सोमवार की सुबह रेलवे ट्रैक पर गौरीगंज एसडीएम के अर्दली का शव मिला। परिजनों ने हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच की बात कह रही है।

थानाक्षेत्र गौरीगंज के महिमापुर निवासी शिव शंकर उर्फ भोला पांडेय (48) गौरीगंज तहसील में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी थे। वर्तमान में गौरीगंज एसडीएम के अर्दली के तौर पर कार्य कर रहे थे। सोमवार सुबह उनका शव लखनऊ वाराणसी रेल खंड स्थित ताला क्रॉसिंग के समीप संदिग्ध परिस्थितियों में ट्रैक पर मिला। मृतक के सिर, कान और पैर क्षतिग्रस्त थे।

मृतक के पुत्र अर्पित पांडेय ने थाने में तहरीर देकर बताया कि 31 दिसंबर की रात जब उनके पिता घर नहीं पहुंचे तो फोन किया लेकिन वह बंद मिला। रातभर लोग तलाश करते रहे, लेकिन कुछ पता नहीं चला। सोमवार सुबह पिता का शव रेलवे ट्रैक पर मिलने की सूचना मिली। उसने हत्या कर रेलवे ट्रैक पर पिता का शव फेंके जाने का आरोप लगाया है।

प्रभारी निरीक्षक अरुण द्विवेदी ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट होगा। मामले की जांच की जा रही है। रिपोर्ट मिलने के बाद मामले में विधिक कार्रवाई की जाएगी।

सवालों में गुत्थी

मृतक अर्दली शिव शंकर पांडेय का घर अमेठी सुल्तानपुर मार्ग पर कलेक्ट्रेट से मात्र चार से पांच किलोमीटर दूर है। जबकि घर से विपरीत दिशा में 10 किलोमीटर दूर ताला क्रॉसिंग के समीप रेलवे ट्रैक पर उनका शव मिला। किस साधन से वे वहां पहुंचे और कैसे घटना हुई, यह बड़ा सवाल है। ग्रामीणों के अनुसार रविवार देर शाम को वे वी मार्ट के सामने दिखाई पड़े थे। वे रविवार को भी ड्यटी पर थे। ड्यूटी के बाद घर के लिए निकले, लेकिन नहीं पहुंचे।

हरसंभव की जाएगी मदद

अर्दली शिवशंकर के मौत की सूचना के बाद एसडीएम अभिनव कनौजिया महिमापुर उनके घर पहुंचे। परिजनों से मुलाकात कर हिम्मत से काम लेने की सांत्वना देते हुए हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। एसडीएम ने बताया कि पीड़ित परिवार के साथ तहसील प्रशासन साथ है। नियमानुसार परिवार की हरसंभव मदद की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *