संवाद न्यूज एजेंसी, लखनऊ
Updated Sun, 11 Aug 2024 12:48 AM IST
तुलसीपुर (श्रावस्ती)। थाना क्षेत्र सोनवा के केशवापुर पजावा निवासी युवक की शनिवार को संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव उसी के कमरे में फंदे से लटका मिल। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया।
केशवापुर पजावा गांव निवासी घनश्याम (27) का विवाह थाना क्षेत्र के ही दिकौली निवासी रीमा से हुआ था। रीमा डेढ़ माह से मायके में थी। उसे विदा कराने के लिए घनश्याम शुक्रवार को ससुराल गया था। वहां विदाई को लेकर दंपती में कहासुनी हुई थी। बाद में रीमा के मायके वालों ने घनश्याम को भला-बुरा कह कर लौटा दिया।
शनिवार को घनश्याम की मां खेत गई थी। वहां से लौटने पर देखा कि घनश्याम का शव उसी के कमरे में छत के कुंडे से फंदे लटक रहा था। मां की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया।
थानाध्यक्ष सोनवा शिवशरण गौड़ ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चलेगा। उसी के अनुसार कार्रवाई होगी।
