09:34 AM, 19-Oct-2025
जलेंगे ग्रीन पटाखे, होगा ड्रोन शो

राम की पैड़ी का विहंगम दृश्य
– फोटो : नितिन श्रीवास्तव
इस बार सरयू पुल पर ग्रीन पटाखों की आतिशबाजी होगी। मुख्यमंत्री सहित अन्य अतिथि सरयू तट से आतिशबाजी निहारेंगे। इसके लिए यहां अलग से मंच बनाया गया है। करीब 20 मिनट तक आतिशबाजी होगी। अलग-अलग रंगों के पटाखों से आसमान सतरंगी हो जाएगा। शाम होते ही पूरा सरयू पुल रोशनी से नहा उठता है। वहीं राम की पैड़ी परिसर में 1100 ड्रोन शो के जरिये रामकथा की प्रस्तुति होगी।
09:13 AM, 19-Oct-2025
अवध में उत्सव है भारी…

राम की पैड़ी का विहंगम दृश्य
– फोटो : नितिन श्रीवास्तव
लंका विजय के बाद श्रीराम के अयोध्या लौटने की खुशी में त्रेता की तर्ज पर लोगों ने घरों को सजाया है। घरों व दुकानों की दरों-दीवारों पर रामकथा व शुभता के प्रतीकों को चित्रित किया गया है। शाम होते ही पूरी अयोध्या में अवधपुरी रघुनंदन आए, घर-घर नारी मंगल गाए… जैसे मंगल गीत गूंजने लगते हैं।
अयोध्या पर शोध करने वाले डॉ. हरिप्रसाद दुबे कहते हैं कि अवध में उत्सव है भारी… दीपोत्सव में कुछ इसी तरह का माहौल है। पूरी अयोध्या रोशनी से नहा उठी है। ऐसी सजावट हुई है कि मानो देवलोक पृथ्वी पर उतर आया है। चमचमाती सड़के। एक रंग में रंगे भवन। आकर्षक लाइटिंग। रामकथा आधारित तोरण व स्वागत द्वार अयोध्या की शोभा बढ़ा रहे हैं।
08:26 AM, 19-Oct-2025
दीपोत्सव में ये होगा खास

राम की पैड़ी का विहंगम दृश्य, कार्यक्रम की प्रस्तुति देते कलाकार।
– फोटो : नितिन श्रीवास्तव
- 56 घाटों पर 26,11,101 दीयों का प्रज्ज्वलन और 2,100 वेदाचार्यों की महाआरती
- 1,100 ड्रोन आसमान में उकेरेंगे रामायण की छवियां
- पांच देशों ( रूस, थाईलैंड, इंडोनेशिया, नेपाल और श्रीलंका) की रामलीला का मंचन
- 10 मंचों पर लोक कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
- 100 बच्चों की वानर सेना, 3डी प्रोजेक्शन मैपिंग, म्यूजिकल ग्रीन फायर क्रैकर्स शो
- साकेत महाविद्यालय से रामकथा पार्क तक श्रीराम राज्याभिषेक की झांकी
- मेरा दीप, मेरा विश्वास के तहत पेंटिंग, कविता और एनिमेशन प्रतियोगिताओं के विजेता दीपोत्सव में व्यक्तिगत रूप से आमंत्रित।
- एआई आधारित जनगणना और लाइव भीड़ निगरानी व्यवस्था
- 35 स्थालों पर विभिन्न माध्यमों से दीपोत्सव का लाइव प्रसारण
08:24 AM, 19-Oct-2025
साधु-संत भी करेंगे राम दरबार की आरती

सरयू तट पर सामूहिक आरती का विहंगम दृश्य।
– फोटो : नितिन श्रीवास्तव
सीएम गुरु वशिष्ठ की भूमिका में श्रीराम का राजतिलक करेंगे। इसके बाद राज्यपाल आनंदी बेन पेटल, प्रदेश सरकार के दोनों डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, केशव मौर्या व प्रदेश सरकार के अन्य मंत्री सीताराम की आरती उतारेंगे। फिर एक-एक कर साधु-संत भी राम दरबार की आरती करेंगे।
08:17 AM, 19-Oct-2025
Ayodhya Deepotsav 2025 Live: परमसत्ता के चरणों में बैठेगी राजसत्ता, सीएम करेंगे श्रीराम का राजतिलक; ताजा अपडेट
राज्याभिषेक समारोह में सीएम योगी श्रीराम का राजतिलक करेंगे। स्वागत में राम की पैड़ी पर 26 लाख दीये रोशन किए जाएंगे। भव्य रामकथा पार्क राज दरबार की थीम पर सुसज्जित है, मानो त्रेतायुग के स्वर्णिम दृश्य साकार हो उठे हों। राम कथा पार्क में पांच हजार से अधिक लोग राम राज्याभिषेक समारोह के साक्षी बन सकेंगे।
सिंहासन पर माता सीता के साथ श्रीराम विराजमान होंगे
90 फीट चौड़ा विशाल मंच इस अलौकिक आयोजन का केंद्र बनेगा, जहां राम दरबार सजेगा। सिंहासन पर माता सीता के साथ श्रीराम विराजमान होंगे। भरत, लक्ष्मण, शत्रुघ्न व भक्त हनुमान पास में बैठे होंगे। मंच के नीचे साधु-संतों की दिव्य सभा बैठेगी और उनके मध्य बैठे प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राजसत्ता के प्रतिनिधि बनकर परमसत्ता को प्रणाम करेंगे।