लखनऊ। दिवाली से पहले बृहस्पतिवार को पुष्य नक्षत्र के शुभ संयोग पर डिलीवरी लेने के लिए प्रदेश भर के बाजार बुधवार को खूब गुलजार रहे। 10 हजार करोड़ के अनुमानित बाजार में सबसे ज्यादा बुकिंग बाइकों व कारों की हुई है। आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश भर में 45,000 बाइकें तो 6000 से ज्यादा कारों की बुकिंग की गई है। अकेले लखनऊ में ही करीब 500 कारें और 4000 से ज्यादा बाइकों की बुकिंग हुई है।

Trending Videos

सराफा बाजार में रिकॉर्ड महंगाई की वजह से भारी गहनों की रेंज में 2000 करोड़ से ज्यादा की प्री बुकिंग हुई है। उधर, इलेक्ट्रॉनिक बाजार में भी बुधवार को शुभ मुहूर्त में डिलीवरी लेने के लिए बाजार में बुकिंग का दौर खूब चला। बृहस्पतिवार को सुबह 6:15 बजे से ही शुभ पुष्य नक्षत्र लग रहा है जो शुक्रवार को संपन्न होगा। ऐसे में बृहस्पतिवार के दिन की वजह से गुरु पुष्य नक्षत्र योग का लाभ भी पूरा दिन मिल रहा है। ऐसे में खरीदारी के बाद सामान घर तक ले जाने के लिए ग्राहकों को पूरा दिन शुभ मुहूर्त मिल रहा है।

इसी दिन अमृत और सर्वार्थ सिद्धि योग की वजह से लोगों ने बुधवार को गाड़ियों व गहनों की खरीदारी तो की लेकिन उनकी डिलीवरी लेने के लिए बृहस्पतिवार का शुभ दिन चुना। इसमें सबसे ज्यादा और 90 फीसदी बुकिंग ऑटो सेक्टर में रही। कारोबारियों का कहना है कि लोग शुभ मुहूर्त में गाड़ी घर ले जाना पसंद करते हैं, इसलिए बुधवार को 10 प्रतिशत डिलीवरी हुई है और बृहस्पतिवार की डिलीवरी के लिए 90 प्रतिशत से ज्यादा लोगों ने बुकिंग कराई है।

इसके अलावा सराफा बाजार में लगातार बढ़ते सोने व चांदी के दामों की वजह से ग्राहकों ने भी समय से पहले बुकिंग करा डाली है, जिससे कि ऐन मुहूर्त पर उन्हें पुराने रेट पर जेवर मिल सकें। अनुमानित बिक्री की 40 फीसदी तक की बुकिंग हुई है, इसमें सिर्फ महंगे और वजनी गहने शामिल हैं। लखनऊ में करीब 100 करोड़ तो प्रदेश भर में करीब 2000 करोड़ रुपये के गहनों की प्री बुकिंग हुई है।

इसके बाद धनतेरस के लिए बुकिंग

यूपी फेडरेशन ऑफ ऑटो डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रतीक जैन के मुताबिक, बुधवार को बाजार हल्का रहा, लेकिन बृहस्पतिवार को प्रदेश भर में गाड़ियों की डिलीवरी लेने के लिए करीब 6000 कारें और 45000 बाइकों की बुकिंग हुई है। इसके बाद धनतेरस के लिए बुकिंग शुरू हो गई है।

महंगाई की वजह से लाइटवेट गहनों की बिक्री हाथों हाथ

यूपी सराफा एसोसिएशन के महामंत्री रवींद्र नाथ रस्तोगी बताते हैं कि लगातार सोने व चांदी के बढ़ते दामों की वजह से सिर्फ मोटे व वजनी गहनों के लिए ही करीब 2000 करोड़ तक के गहनों की बुकिंग हुई है। जबकि, बाकी 3000 करोड़ के अनुमानित बाजार की बिक्री बृहस्पतिवार को होगी। क्योकि, इस बार महंगाई की वजह से लाइटवेट गहनों की बिक्री हाथों हाथ हो रही है।

ब्राइट मोटर्स आज करेगा 2000 बाइक, 100 कारों की डिलीवरी

पिछले सालों के मुकाबले इस बार अच्छी बिक्री जा रही है। शुभ गुरु पुष्य मुहूर्त में डिलीवरी लेने के लिए अकेले लखनऊ के ग्राहकों ने 2000 हीरो की बाइकें तो 100 से ज्यादा मारुति कारों की बुकिंग कराई है। शुभ मुहूर्त पर सभी को आज उनके सपनों की चाबियां सौंपी जाएंगी।

सृजन बजाज, एमडी, ब्राइट मोटर्स व ब्राइट फोरवील सेल्स प्राइवेट लिमिटेड

बढ़ते दामों की वजह से हो रही प्री बुकिंग

सोने व चांदी के दामों में लगातार इजाफा होने से ग्राहकों ने पहले से बुकिंग करा रखी है। हम उनको बुकिंग के रेट पर ही गहने बिक्री करते हैं। इसमें ग्राहकों का भी लाभ है। ग्राहक पहले से ही बुकिंग करा लेते हैं, जिससे उनको पुराने रेट पर भविष्य में सोना मिल सके। पुष्य नक्षत्र पर डिलीवरी के लिए राजधानी लखनऊ में 20 लाख तक की बुकिंग हुई है। अच्छा बाजार होने से शुभ मुहूर्त पर भी अच्छी बिक्री होने की उम्मीद है।

आयुष अग्रवाल, ज्वेल पैलेस, महानगर

1-3 लाख तक के गहनों की बुकिंग ज्यादा

सोने व चांदी के दाम बढ़ने से लाइट वेट गहनों में 1-3 लाख रुपये तक के गहनों की मांग ज्यादा है। लाइट वेट में मंगलसूत्र, ब्रेसलेट, चेन पसंद किए जा रहे हैं। पुष्य नक्षत्र पर डिलीवरी के लिए 10 लाख तक की बुकिंग मिली है। सोने की बिक्री का मूल्य तो बढ़ा है, लेकिन वजन कम हुआ है। इसलिए छोटी-बड़ी बुकिंग भी ले रहे हैं।

– राजन रस्तोगी, जुगल किशोर ज्वैलर्स, हजरतगंज, लखनऊ

पुष्य नक्षत्र के लिए 20, धनतेरस के लिए 200 बुकिंग

पुष्य नक्षत्र पर डिलीवरी लेने के लिए ग्राहकों में उत्साह है। बृहस्पतिवार के शुभ मुहूर्त के लिए हमारे पास 20 बुकिंग हैं, जबकि धनतेरस के लिए 200 कारों की बुकिंग मिली है। बाजार पिछले साल के मुकाबले अच्छा चल रहा है। धनतेरस के लिए उम्मीदें ज्यादा हैं।

– प्रदीप शुक्ला, जीएम सेल्स, सनी टोयोटा लखनऊ



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *