अखिल भारतीय माथुर वैश्य महासभा ने हुब्बलाल इंटर कॉलेज की जमीन को लीज पर देने के मामले में मंडलायुक्त से मुलाकात की। उन्हें काॅलेज में पढ़ रहे छात्रों को हो रही असुविधाओं के बारे में बताया और मंडलायुक्त से कॉलेज की जमीन वापस कराने की मांग की।
महासभा के पदाधिकारियों ने बताया कि माथुर वैश्य शिक्षा परिषद जनपद में कई विद्यालयों का संचालन करती है। उन्हीं में से एक हुब्बलाल इंटर कॉलेज छावनी में संचालित है। इसके पास करीब 5 एकड़ भूमि है। माथुर वैश्य शिक्षा परिषद के प्रबंधन तंत्र ने कॉलेज की 90 फीसदी जमीन को नियमों के विरुद्ध जाकर बाहरी व्यक्ति को उपयोग के लिए लीज पर दे दिया है।
कॉलेज के पूृर्व प्रबंधक रामनाथ कौशल ने इसकी शिकायत जिला विद्यालय निरीक्षक से की थी। उन्होंने जांच के बाद प्रबंधन तंत्र को लीज रद्द कराने के निर्देश दिए थे। लेकिन लीज को रद्द नहीं किया गया। इस कारण विद्यालय संचालन में परेशानी आ रही हैं। छात्र-छात्राओं के लिए खेलकूद मैदान, शौचालय, पार्किंग व कैंटीन आदि की कोई व्यवस्था नहीं है।
महासभा के पदाधिकारियों ने समस्याओं को बताते हुए मांग की कि विद्यालय की संपत्ति और जमीन को वापस दिलाया जाए जिससे विद्यालय संचालन में व्यवधान न हो। छात्रों के लिए अच्छा माहौल बन सके। इस दौरान महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश कुमार गुप्ता, प्रमोद गुप्ता, शंकर गुप्ता, राकेश गुप्ता, विनोद गुप्ता, रामनाथ कौशल, वीरेंद्र गुप्ता व अन्य मौजूद रहे।
