Dengue among two people including a youth who returned from Gujarat

रायबरेली में शुक्रवार को जगतपुर क्षेत्र में बुजुर्ग की जांच करती स्वास्थ्य विभाग की टीम।

रायबरेली। गुजरात से घर लौटे युवक समेत दो लोग डेंगू से संक्रमित मिले हैं। शुक्रवार को प्रयोगशाला से एलाइजा टेस्ट की रिपोर्ट आते ही स्वास्थ्य विभाग की रिस्पांस टीमों ने मरीजों के घर पहुंचकर परिवार के लोगों की सेहत जांची। वहीं, 12 लोगों के ब्लड की स्लाइडें तैयार कर जांच के लिए भेजा गया। साथ ही 44 घरों में डेंगू के लार्वा की जांच की गई। लोगों को मच्छरों से बचाव की जानकारी दी गई। जिले में डेंगू से संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है। वहीं, जिला अस्पताल की इमरजेंसी में शुक्रवार को डायरिया व बुखार के 22 मरीजों का भर्ती करके इलाज शुरू किया गया।

Trending Videos

शहर के नेताजी सुभाष नगर निवासी अनुराग (23) गुजरात गए थे। वापस लौटने पर उन्हें समस्या हुई तो जिला अस्पताल में डेंगू की जांच कराई गई। जिसमें वे डेंगू से संक्रमित मिले। इसके अलावा जगतपुर क्षेत्र के लल्ली चक्की निवासी नीरज (17) भी जांच में डेंगू से संक्रमित मिला। दोनों की रिपोर्ट आने के बाद शुक्रवार को मलेरिया निरीक्षक सुमित कुमार और मो.आतिफ की टीमों ने मरीजों के घर पहुंचकर जांच की।

परिवार के लोगों की सेहत जांचने के साथ ही ब्लड के सैंपल भी लिए। दवाओं का वितरण किया गया। रैपिड रिस्पांस टीमों ने 44 घरों में पहुंचकर भरे पानी में डेंगू के लार्वा की जांच की। मरीजों के घर के 12 लोगों की जांच के लिए ब्लड की स्लाइडें बनाईं।

डेंगू के कारण, लक्षण व उपचार

पहले से संक्रमित व्यक्ति को यदि कोई मच्छर काटता है तो वायरस उस मच्छर के शरीर में प्रवेश कर जाता है। यही मच्छर अगर किसी भी स्वस्थ व्यक्ति को काट ले तो उसे डेंगू होने का खतरा रहता है। डेंगू के प्रमुख लक्षणों में तेज बुखार, सिर दर्द, मांसपेशियों, हड्डियों और जोड़ों में दर्द, जी मिचलाना, उल्टी लगना, आंखों के पीछे दर्द, कान की ग्रंथियों में सूजन, त्वचा पर लाल चकत्ते होना आदि हैं। डेंगू से बचाव के लिए घर के आसपास पानी एकत्र न होने दें, क्योंकि ठहरे पानी में मच्छरों के लार्वा पनपते हैं।

पर्याप्त दवाएं मौजूद

बारिश के साथ डेंगू का खतरा बढ़ गया है। दोनों मरीज व उनके घर के लोग स्वस्थ हैं। लोग सावधानी बरतें और मच्छरों से बचने का प्रयास करें। सभी सीएचसी अधीक्षकों को अलर्ट किया गया है। अस्पतालों में दवाओं के पर्याप्त बंदोबस्त कराए गए हैं। सीएचसी स्तर पर भी किट से डेंगू की जांच की व्यवस्था की गई है।

– डॉ. वीरेंद्र सिंह, सीएमओ



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *