पनकी यार्ड में मंगलवार को मालगाड़ी बेपटरी होने पर दिल्ली रूट की करीब 60 से अधिक ट्रेनें साढ़े तीन घंटे तक विभिन्न स्टेशनों पर फंसीं रहीं। रात 01:55 बजे अप व डाउन लाइनों पर ट्रेनों का संचालन शुरू हो सका। इस दौरान तीसरी व चौथी लाइन दुरुस्त होने पर कुछ को काॅशन देकर निकाला गया। मामले की जांच के लिए रेलवे के पांच विभागों के अधिकारियों के नेतृत्व में कमेटी गठित की है।
पनकी धाम स्टेशन से गेट नंबर-84 के बीच मंगलवार रात मालगाड़ी के एक कोच के पहिए पटरी से उतर गए थे। हादसा करीब साढ़े दस बजे हुआ था। इसके बाद दिल्ली रूट पर ट्रेनों का संचालन ठप हो गया था। श्रमशक्ति, पटना राजधानी, गरीबरथ, पुरुषोत्तम, मगध, महाबोधि, श्रम शक्ति, पूर्वा, वैशाली, प्रयागराज एक्सप्रेस, गोरखधाम सहित करीब 60 से अधिक ट्रेनें विभिन्न स्टेशनों और आउटर पर खड़ी कराई गई थी। राहत कार्य शुरू होने के बाद रात करीब 11:15 बजे तीसरी लाइन और पांच मिनट बाद 11:20 बजे चौथी लाइन दुरुस्त कर कुछ ट्रेनों का आवागमन शुरू कराया गया। अप और डाउन लाइन पर रात 01:55 बजे संचालन सुचारू हो पाया। हादसे के बाद रातभर मरम्मत कार्य चलता रहा। मालगाड़ी से दुर्घटनाग्रस्त कोच को अलग कर किनारे किया गया। बुधवार सुबह भी अधिकारी मौके पर जांच करने पहुंचे।
