सोरोंजी। पवित्रा एकादशी के अवसर पर शुक्रवार को श्रद्धालुओं ने शूकर क्षेत्र की पंचकोसी परिक्रमा लगाकर पुण्य लाभ अर्जित किया। इस दौरान परिक्रमा लगाने के लिए भक्तों की कतार लगी रही। शूकर क्षेत्र पंचकोसी परिक्रमा समाज सेवा समिति के तत्वावधान में परिक्रमा प्रारंभ करने से पूर्व श्रद्धालुओं ने हरि की पौड़ी के पवित्र जल में गंगा स्नान किया। क्षेत्राधीश वराह मंदिर पहुंचकर भगवान वराह की पूजा-अर्चना कर आरती उतारी। हरि की पौड़ी की परिक्रमा करते हुए श्रद्धालु सूर्यकुंड, दूधेश्वर, बटुक भैरव मंदिर, जयदेवी पीठ, ग्राम देवी मंदिर, गोस्वामी तुलसीदास जन्मस्थान मंदिर के दर्शन करते हुए प्रथम पड़ाव 84 घंटे वाली मां मंदिर पहुंचे। इसके बाद वे सेडू नगला मार्ग स्थित बाछरू देव, सीता रसोई के दर्शन करते हुए प्रेम जी की बगीची होते हुए आगे बढ़े। श्रद्धालु सिंगल वाले महाराज स्थल, करुआ देव महाराज, वनखंडेश्वर महादेव, कपिल मुनि आश्रम, भागीरथ गुफा, चैतन्य महाप्रभु बैठक, काला गोरा भैरव बाबा मंदिर में दर्शन करते हुए वापस वराह मंदिर पहुंचे। गंगा वराह महासभा के अध्यक्ष सुनील तिवारी ने श्रद्धालुओं को जलपान कराया।पंचकोसी परिक्रमा संयोजक शरद कुमार पांडे ने बताया कि सनातन शास्त्रों में पवित्रा एकादशी का बेहद खास महत्व बताया गया है। इस दिन सच्चे मन से व्रत रखकर भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की पूजा-अर्चना की जाती है। पंचकोसी परिक्रमा में शशांक दीक्षित, शिवानंद उपाध्यक्ष, योगेश उपाध्याय, विनोद दीक्षित, उपेंद्र उपाध्याय, प्रदीप उपाध्याय, अनिल तिवारी आदि श्रद्धालु शामिल रहे।
