संवाद न्यूज एजेंसी, लखनऊ
Updated Sun, 11 Aug 2024 12:50 AM IST

गिलौला (श्रावस्ती)। कस्बा गिलौला में संचालित पालीक्लीनिक, डायग्नोस्टिक सेंटर व मेडिकल स्टोर पर शनिवार को एसडीएम इकौना ने टीम के साथ छापा मारा। कमी मिलने पर एक पालीक्लीनिक व एक डायग्नोस्टिक सेंटर को सील कर दिया।
एसडीएम इकौना ओमप्रकाश ने औषधि निरीक्षक श्रीकांत गुप्ता, गिलौला सीएचसी अधीक्षक दीपक शुक्ला व प्रभारी निरीक्षक महिमानाथ उपाध्याय के साथ संतोष पालीक्लीनिक पर छापा मारा। टीम को मौके पर न कोई चिकित्सक मिला, न ही कोई कागजात ही दिखाया गया। इस पर एसडीएम ने पालीक्लीनिक को सील कर दिया।
इसके बाद पास में ही स्थित अवंतिका डायग्नोस्टिक सेंटर पर छापा मारा। इस दौरान संचालक सेंटर से संबंधित कोई प्रपत्र नहीं दिखा सका। इस पर उसे भी सील कर दिया गया। बाद में टीम ने कस्बे में संचालित राम मेडिकल स्टोर पर छापा मारा। टीम को आता देख मेडिकल स्टोर संचालक फरार हो गया। उसके विरुद्ध एसडीएम ने एफआईआर दर्ज कराने के लिए अधीक्षक को निर्देश दिया।
