संवाद न्यूज एजेंसी, अमेठी
Updated Wed, 23 Oct 2024 12:57 AM IST
अमेठी सिटी। रामंगज इलाके के एक दिव्यांग व्यापारी ने दो पुलिसकर्मियों पर बेवजह पीटने और जेल भेजने की धमकी देकर 40 हजार रुपये वसूल लेने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित का दावा है कि उसने एसपी से मामले की शिकायत की है।
रामगंज थाना क्षेत्र के रामचंद्रपुर गांव निवासी दिव्यांग व्यवसायी संतोष कुमार ने कुछ पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोप है कि रविवार की रात वह श्रमिकों के साथ रामगंज कस्बे में ही एक ढाबे पर भोजन कर रहे थे। इसी बीच रामगंज चौकी पर तैनात दो सिपाही वहां पहुंचे और रात में ढाबे पर मौजूद होने को लेकर सवाल-जवाब करने लगे। जवाब देने पर सिपाही भड़क गए। आरोप है कि उनकी जमकर पिटाई कर दी। इसके बाद दोनों सिपाही उसी रात में उनके घर भी पहुंच गए।
घर पर परिजनाें के सामने उससे अभद्रता करते हुए पूरे परिवार को फर्जी केस में फंसा कर जेल भेजने की धमकी दी। आरोप है कि उससे 40 हजार रुपये वसूल लिए गए। बताया कि पूरी घटना उसके मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद है। सोमवार को व्यापारी ने एसपी अनूप सिंह से शिकायत कर आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एसओ अजयेंद्र पटेल ने बताया कि व्यापारी की ओर से लगाए गए आरोप निराधार हैं।
रात में गश्त के दौरान सड़क पर मिलने पर सिपाहियों ने कारण पूछा तो बताया कि टेंट का काम करते हैं। जिसके बाद सिपाही मैरिज हाल में उनके बारे में जांच करने गए थे। एसपी अनूप सिंह ने बताया कि मामले की जांच सीओ अमेठी को सौंपी गई है। जांच में आरोप सही मिलने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
