संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। रविवार को जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड के शौचालयों से टोंटी चोरी का मामला सामने आया है। यहां मरीजों के तीमारदार शौचालयों की टोंटियां ही चोरी कर ले गए। इससे वार्ड को मिलने वाला पानी समाप्त हो गया। वहीं, रविवार को यहां बिजली न होने से पानी की टंकियां भी नहीं भर सकीं।
अस्पताल में डेंगू, टाइफाइड, डायरिया और मौसमी बुखार से पीड़ित गंभीर मरीजों के लिए नेत्र वार्ड के बगल में आइसाेलेशन वार्ड तैयार किया है। यहां वेंटिलेटर से लेकर अन्य सुविधाएं मुहैया कराई गई हैं। लेकिन, कुछ मरीजों के तीमारदारों को यह व्यवस्थाएं रास नहीं आईं।
शनिवार को कुछ मरीजों के तीमारदारों ने यहां शौचालय में लगाई गईं महंगी नल की टोंटियां ही चोरी कर लीं। वार्ड में पानी सप्लाई करने वाली टंकियाें का पानी टोंटी नहीं होने के चलते रातभर में खाली हो गया। ऐसे में रविवार को भर्ती मरीज और उनके तीमारदार पानी के लिए परेशान हो गए। इससे सबसे अधिक परेशानी का सामना बुजुर्ग मरीजों को करना पड़ा, जिन्हें तीमारदार व्हीलचेयर और गोद में उठाकर दूसरे वार्डों में प्रसाधन के लिए लेकर पहुंचे।
रविवार को बिजली नहीं आई
पानी नहीं होने से मरीज परेशान हुए तो रविवार को बिजली न होने से स्थिति और भी बिगड़ गई। बिजली न होने के चलते टंकी में पानी भरने वाले पंप भी नहीं चल सके। वहीं, रात को मरीज अंधेरे में ही लेटने को मजबूर रहे। यहां रविवार होने के चलते कर्मियों ने भी काम करने में आनाकानी की।
वर्जन
आइसोलेशन वार्ड के शौचालयों से तीमारदार टोंटी चोरी कर ले गए। जानकारी होने पर मरम्मत कार्य कराया गया। हालांकि, मरीजों को असुविधा का सामना करना पड़ा है।
– डॉ. प्रमोद कुमार कटियार, मंडलीय प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक।
