झांसी। सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग में पिछड़ने पर शुक्रवार को जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों की जमकर क्लास ली। इस दौरान उन्होंने पशु चिकित्साधिकारियों का एक दिन का वेतन काटे जाने के निर्देश दिए। साथ ही आईटीआई प्रधानाचार्य से स्पष्टीकरण तलब किया। डीएम ने कहा कि सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग में सुधार के लिए अधिकारी संवेदनशील होकर काम करें।
विकास भवन में हुई बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम ने शिथिल पर्यवेक्षण और असंतोषजनक प्रगति पर एनआरएलएम के डीसी, बेसिक शिक्षा अधिकारी व मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को फटकार लगाई। कृत्रिम गर्भाधान की रैंकिंग में सुधार न होने पर विकास खंडों में तैनात पशु चिकित्साधिकारियों का एक दिन का वेतन काटे जाने के निर्देश दिए। साथ ही ग्राम्य विकास विभाग, डूडा, पंचायती राज, समाज कल्याण विभाग, पशुपालन, महिला बाल विकास विभाग, सहकारिता, श्रम एवं सेवायोजन आदि के अधिकारियों से कहा कि रैंकिंग में सुधार के लिए पोर्टल में योजनाओं की जानकारी अपलोड करने से पहले उनका अध्ययन कर लिया जाए। डीएम ने कहा कि रैंकिंग में सुधार के लिए विभागीय अधिकारी संवेदनशील होकर काम करें। सुधार न होने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इस मौके पर सीएमओ डा. सुधाकर पांडेय, डीएफओ एमपी गौतम, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता राहुल शर्मा, डीआरडीए के पीडी राजेश कुमार, डीपीआरओ जेआर गौतम आदि मौजूद रहे।
