भादर (अमेठी)। पीपरपुर थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह बाइक से मजदूरी करने जा रहे दो युवकों को डंपर ने टक्कर मार दी। हादसे में घायल बाइक सवार दोनों युवकों की सुल्तानपुर के जिला अस्पताल में मौत हो गई। हादसे के बाद चालक डंपर सहित भाग निकला। घटना से दोनों परिवारों में कोहराम मचा है। एसओ का कहना है कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

पीपरपुर थाना क्षेत्र के कमईपुर मजरे भेवई गांव निवासी राजेंद्र प्रसाद कोरी (35) सोमवार को डंडवा पुरवा गांव निवासी राजकुमार वर्मा उर्फ तालुकदार (47) के साथ बाइक से बोखारेपुर गांव मजदूरी करने जा रहे थे। तभी दुर्गापुर-अमेठी मार्ग पर स्थित छिवरहा गांव के पास दुर्गापुर से भादर की तरफ जा रहे तेज रफ्तार डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी। इसके बाद डंपर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद दोनों घायल युवकों को जिला अस्पताल सुल्तानपुर भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने राजकुमार वर्मा को मृत घोषित करते हुए राजेंद्र कोरी ट्राॅमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। परिजन राजेंद्र को लेकर लखनऊ रवाना हुए, लेकिन सुल्तानपुर कस्बे में ही उसकी भी मौत हो गई।

राजेंद्र व राजकुमार की मौत की सूचना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। सुल्तानपुर कोतवाली पुलिस ने दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिएा। प्रभारी निरीक्षक रामराज कुशवाहा ने बताया की दोनों युवकों की मौत की जानकारी मिली है। अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद केस दर्ज कार्रवाई की जाएगी।

कैसे चलेगा दो मजदूरों का परिवार

हादसे का शिकार हुए राजकुमार व राजेंद्र गरीब परिवार थे। दोनों मजदूरी कर अपना परिवार चलाते थे। इनकी मौत से दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अब इनके परिवार के सामने रोजी-रोटी की दिक्कत आ सकती है। ग्रामीणों के मुताबिक राजकुमार के परिवार में पुत्री संध्या, श्रद्धा, प्रतिज्ञा, आरोही और दो पुत्र शुभम व अनुभव के सिर से पिता का साया उठ गया। बच्चे बेसहारा हो गए। राजकुमार की मौत के बाद पत्नी त्रिवेणी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। ऐसे ही हालात दूसरे मृतक राजेंद्र के परिवार के भी हैं। इसके भी छोटे बच्चे हैं। राजेंद्र के परिवार में उसकी पत्नी सुमन के अलावा पुत्री सोनी, रूपा और एक पुत्र दुर्गेश हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *