अमर उजाला ब्यूरो

झांसी। झांसी-कानपुर हाईवे पर हुई सड़क दुर्घटना में आठवीं के छात्र की मौत हो गई। जबकि, उसका रिश्तेदार घायल हो गया। छात्र स्कूल से लौटते समय हादसे का शिकार हुआ। घटना के बाद से परिवार के लोगों का बुरा हाल बना हुआ है।

चिरगांव थाना इलाके के ग्राम करगुवां निवासी राकेश राजपूत का बेटा देव (13) चिरगांव के एक स्कूल में कक्षा आठवीं में पढ़ता था। बृहस्पतिवार को वह स्कूल गया हुआ था। लौटते समय रास्ते में उसे एक रिश्तेदार अंकुश मिल गया। घर आने के लिए देव अंकुश के साथ बाइक पर बैठ गया। झांसी-कानपुर हाईवे पर शनिदेव मंदिर के पास पीछे से आ रहे गिट्टी से भरे डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक डंपर में फंस गई। बावजूद, ड्राइवर डंपर को तकरीबन डेढ़ सौ मीटर तक दौड़ाता रहा। इसके बाद डंपर डिवाइडर पर चढ़कर पलट गया। इससे पूरी सड़क पर गिट्टी फैल गई और जाम लग गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह जाम को खुलवाया और ट्रक को कब्जे में लिया। दुर्घटना में बालक देव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रिश्तेदार गंभीर रूप से घायल हो गया।

मृतक के ताऊ ने बताया कि देव अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और पढ़ने में होशियार था। उससे बड़ी एक बहन मुस्कान 11वीं कक्षा में पढ़ती है। देव के पिता राकेश राजपूत किसान हैं। इकलौते बेटे की मौत के बाद से मां रानी का रो-रोकर बुरा हाल है। शुक्रवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *