झांसी। डोंगरी बांध से लापता बुजुर्ग हरदास (50) का शव 48 घंटे बाद बांध के अंदर से बरामद हो गया। पिछले दो दिन से उसकी तलाश में एसडीआरएफ एवं पुलिस टीम जुटी थी। उसका शव अंदर एक पत्थर के बीच फंसा था। इससे तलाशने के बावजूद उसका पता नहीं चल रहा था। रविवार सुबह शव मिलने पर परिवार में रोना-पिटना मच गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
थाना रक्सा के रमपुरा गांव निवासी हरदास ने डोंगरी बांध से करीब 300 मीटर अंदर टापू पर सरसों बोई थी। परिजनों का कहना है कि हरदास रोजाना खेत पर जाता था। इन दिनों फसल की कटाई करा रहा था। रोजाना की तरह शुक्रवार दोपहर ट्यूब के सहारे टापू पर जा रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना था कि ट्यूब फटने से हरदास डूबने लगा। शोर मचाने पर कुछ लोगों ने बचाने की कोशिश की लेकिन कुछ देर में वह डूब गया। उसके बाद से पुलिस एवं एसडीआरएफ उसकी तलाश में जुटी थी। शनिवार को भी उसका पता नहीं चल सका। रविवार दोपहर करीब एक बजे तलाश के दौरान एसडीआरएफ टीम को उसका शव मिला। रक्सा थानाध्यक्ष रूपेश कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
