संवाद न्यूज एजेंसी, आगरा
Updated Tue, 23 Jul 2024 11:21 PM IST

फॉल्ट ठीक करता कर्मचारी।
मैनपुरी। अधिकारियों के तमाम निर्देश के बाद बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हाे रहा है। देहात तो दूर शहरी क्षेत्र में ही अघोषित और अनियमित तरीके से बिजली कटौती की जा रही है। गर्मी में बिजली बंद होने से लोग परेशान हो रहे हैं। बिजली कटौती के कारण लोगों में लगातार गुस्सा बढ़ता ही जा रहा है। मंगलवार को शहरी क्षेत्र में पांच घंटे तक बिजली बंद रही।
Trending Videos
बुधवार को केबल बदले जाने के कारण सुबह आठ बजे काशीराम फीडर की बिजली बंद कर दी गई। केबलें बदले जाने के बाद दोपहर दो बजे के बाद बिजली चालू की जा सकी। बुधवार की दोपहर एक बजे गोलाबाजार में लाइन में फाल्ट हो गया। इसके बाद कचहरी रोड पर दो बजे लाइन में फॉल्ट हुआ। इसी समय तहसील के पास भी लाइन में फाल्ट हो गया। शाम चार बजे के लगभग आश्रम रोड पर लाइन में फाल्ट हो गया। इसके चलते सिविल लाइन इलाके में एक बजे से शाम पांच बजे तक बिजली बंद रही।
बिजली उपभोक्ता नरेंद्र गुप्ता, आशू सक्सेना, महेश कश्यप, सुरेंद्र वर्मा, संतोष शर्मा का कहना है कि शहरी क्षेत्र में रोस्टर के हिसाब से बिजली नहीं मिल पा रही है। रोजाना किसी न किसी क्षेत्र में फाल्ट होने से चार से पांच घंटे बिजली बंद की जा रही है। गर्मी में बिजली बंद होने से लोगों में लगातार गुस्सा बढ़ता ही जा रहा है।
