आवास परिसर में पार्क, कम्युनिटी हॉल आदि की जगह बेचने का लोगों ने लगाया आरोप, मार्ग संकरा और आवागमन का बचा एक ही रास्ता

Trending Videos

फोटो….

अमर उजाला ब्यूरो

झांसी। शिवपुरी रोड पर बहुमंजिला फ्लैट्स में रहने वाले लोगों ने बिजली कटौती और पेयजल संकट के विरोध में रविवार को मुख्य गेट पर धरना-प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि जेडीए की मिलीभगत से बिल्डर ने पार्क, कम्युनिटी हाॅल, योगा सेंटर आदि की जगह बेच दी है, जिससे मार्ग भी संकरा हो गया है। शुक्रवार से परिसर क्षेत्र में बिजली कनेक्शन कटने से लिफ्ट नहीं चल रही है। इससे लोगों को काफी दिक्कत झेलनी पड़ रही है। पेयजल का संकट भी पैदा हो गया है।

झांसी होम्स के फ्लैट में रहने वाले लोगों ने बिल्डर पर आरोप लगाते हुए बताया कि कॉमन सर्विस (लिफ्ट संचालन, परिसर की रोशनी और पेयजल आपूर्ति) का बिजली कनेक्शन शुक्रवार को बिजली विभाग ने काट दी है। इसकी वजह दो माह के बिल का भुगतान नहीं करना है। बिजली कनेक्शन कटने की वजह से परिसर में दिन छुपने के बाद अंधेरा हो जाता है। लिफ्ट चलती नहीं है, जिससे लोगों को काफी दिक्कतें हो रही हैं। फ्लैट्स में कई बुजुर्ग रहते हैं, जिनको दिल की बीमारी है। बिजली नहीं होने की वजह से पेयजल का संकट हो गया है।

आवास में रहने वाले लोगों ने बताया कि नियमानुसार किसी भी सोसाइटी पसिर के दो गेट होने चाहिए मगर बिल्डर की जमीन बेचने की वजह से केवल एक ही गेट बचा है। यदि कभी अनहोनी होती है तो दमकल विभाग भी कुछ नहीं कर पाएगा। आरोप लगाया कि जेडीए अफसरों ने आंख बंदकर रखी है। इसकी शिकायत मुख्यमंत्री, डीएम, एसएसपी आदि से की है। फ्लैट नंबर 1010 में रहने वाले राहुल सिंह ने कहा कि लिफ्ट के नहीं चलने से सीढ़ी से आने-जाने में काफी दिक्कत होती है। फ्लैट नंबर 1009 में रहने वाले महेश पाल का कहना है कि बिल्डर की मनमानी से लोग परेशान हैं और जेडीए अफसर ध्यान नहीं दे रहे हैं। फ्लैट्स में रहने वाली मीनाक्षी उपाध्याय ने बताया कि बिल्डर निजी खाते में सोसाइटी के रुपये जमा कराने के लिए कहते हैं। स्मार्ट मीटर लगाने के नाम पर 27 हजार रुपये लिए गए और मीटर चार हजार रुपये का लगाया। पार्क की जगह बेच दी है।

ये कहना है लोगों का

दिल का रोगी होने की वजह से लिफ्ट के नहीं चलने से काफी परेशानी हो रही है। बिजली और पानी का संकट बना हुआ है। – नरेश कुमार, फ्लैट नंबर 704

मेरे हृदय का उपचार चल रहा है और दो बार स्टेंट पड़ चुके हैं। लिफ्ट चल नहीं रही हैं और ऊपर से पीने के पानी की गंभीर समस्या है। – अशोक शर्मा, फ्लैट नंबर 703

घुटने में दर्द होता है, ऐसे में सीढ़ी से उतरने-चढ़ने में काफी दिक्कत होती है। शुक्रवार को बिजली कटने की वजह से परेशानी हो रही है। – मीरा देवी, फ्लैट्स नंबर 702

पानी की समुचित व्यवस्था नहीं है। बिजली कनेक्शन काटने से परिसर में अंधेरा रहता है। जमीन बिकने से आवागमन मार्ग संकरा हो गया है। – ऊषा, फ्लैट्स नंबर 704

0- सोसाइटी नहीं बना रहे, कब तक करें रखरखाव

बिल्डर धनंजय का कहना है कि वह काफी समय से सोसाइटी का रखरखाव कर रहे हैं। कई बार लोगों से सोसाइटी बनाने के लिए कहा है ताकि संचालन हैंडओवर किया जा सके। नियमानुसार ईडब्ल्यूएस के फ्लैट्स बनाने होते हैं। सोसाइटी का स्तर बरकरार रहे, इसलिए 50 लाख रुपये जमा करके जमीन फ्री होल्ड करवा ली है। वहां रहने वाले लोगों ने विरोध किया था, तब कहा था कि सभी अपने स्तर से धनराशि जमा करके 50 लाख का भुगतान कर दें। जब कोई तैयार नहीं हुआ तो जमीन बेचनी पड़ी।

0-वर्जन

अभी मामला संज्ञान में नहीं आया है। यदि कोई शिकायत आती है तो जांच कराकर न्यायोचित कार्रवाई की जाएगी। – आलोक यादव, उपाध्यक्ष जेडीए



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *