
ज्योंती रोड पर सब स्टेशन के पास लाइन को सही करते कर्मचारी। स्रोत विद्युत निगम
मैनपुरी। शहरी क्षेत्र में बिजली आपूर्ति का बुरा हाल हो गया है। दिन हो या रात किसी न किसी इलाके में बिजली बंद होती है। तो दो से तीन घंटे बाद ही चालू हो पाती है। शनिवार को ज्योंती रोड सब स्टेशन क्षेत्र में शाम तीन बजे से बंद हुई बिजली रात नौ बजे के बाद ही चालू हो सकी। रविवार की सुबह भी इसी क्षेत्र में तीन घंटे तक बिजली बंद रही।
शहरी क्षेत्र में तार बदलने के चलते किसी न किसी इलाके में सुबह से ही बिजली बंद कर दी जाती है। सुबह से बंद हुई बिजली दोपहर बाद ही चालू हो पाती है। मुख्य बाजार में बिजली बंद होने से त्योहार पर दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। सदर बाजार फीडर की बिजली दो दिन से लगातार सुबह आठ बजे से दोपहर 12 बजे तक बंद की जा रही है। इससे शहर के मुख्य बाजार प्रभावित हो रहे हैं।
शनिवार की शाम तीन बजे ज्योंती रोड सब स्टेशन इलाके की बिजली बंद की गई। लोग फोन पर जानकारी लेते रहे तो उनको एक दो घंटे में बिजली चालू होने की सूचना दी जाती रही। जानकारी करने पर लोगों को पता चला कि सब स्टेशन के पास ट्रांसफॉर्मर में कमी तथा केबल जलनेे से बिजली बंद की गई है। कर्मचारी काम में जुटे रहे। रात नौ बजे के बाद इलाके की बिजली चालू की जा सकी। बिजली बंद होने से आगरा रोड, ज्योंती रोड, धारऊ रोड, रामलीला मैदान, नगला रते, शिवनगर क्षेत्र का इलाका प्रभावित हुआ। शनिवार को पावर हाउस उपकेंद्र की बिजली भी दो घंटे तक बंद रही।
त्योहार पर हो रही परेशानी
दिवाली से पहले लोग घरों में काम काज में जुटे हैं। बाजार में खरीदारी करने के लिए लोग पहुंच रहे हैं। दिन में बिजली बंद होने से दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दुकानदार नरेंद्र गुप्ता, भन्नू गुप्ता, संजय भारद्वाज, विनीत जैन, सतेंद्र गुप्ता, मनीष जैन का कहना है कि त्योहार पर बिजली बंद होने से परेशानी हो रही है। त्योहार पर तो नियमित रूप से बिजली मिलनी चाहिए। समस्या का समाधान होना चाहिए।
