बदायूं जिले में स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाने के बाद विद्युत उपभोक्ताओं के लिए नई व्यवस्था लागू कर दी गई है। अब केवल माइनस बिल भरने के बाद भी कनेक्शन चालू नहीं होगा। विद्युत निगम की ओर से स्पष्ट कर दिया गया है कि जब तक मीटर का बैलेंस पॉजिटिव में नहीं आएगा तब तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं होगी। निगम के अधिकारियों के मुताबिक, यह व्यवस्था मोबाइल फोन के रिचार्ज जैसी है, जिसमें रुपये खत्म होते ही सभी सुविधाएं बंद हो जाएंगी।
जिले में पुराने मीटरों को हटाकर स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। स्मार्ट मीटर लगाने के बाद यह प्रीपेड में बदल दिए गए हैं। जिले में 62 हजार प्रीपेड मीटर लगाए जा चुके हैं। इनमें से कुछ उपभोक्ताओं का पुराना बिल भी बकाया है। अधीक्षण अभियंता चंद्रशेखर कुमार ने बताया कि अब पुराने बिलों की वसूली भी इसी प्रणाली में जुड़ गई है। कोई उपभोक्ता रिचार्ज करवाता है तो उसका एक हिस्सा पुराने बिल में स्वत: ही समायोजित हो जाता है। बची हुई राशि ही उपयोग के लिए उपलब्ध रहेगी। यह प्रक्रिया तब तक जारी रहेगी जब तक उपभोक्ता का पुराना बकाया खत्म नहीं हो जाता।
यह भी पढ़ें- Bareilly News: गलत बिल उड़ा रहे स्मार्ट मीटर वाले उपभोक्ताओं के दिमाग का फ्यूज, रोज आ रहीं एक हजार शिकायतें
नई प्रणाली को कुछ उपभोक्ता समझ नहीं पा रहे। वह केवल माइनस का बैलेंस ही जमा कर देते हैं, जिसके कारण उनकी विद्युत आपूर्ति शुरू नहीं होती और वे कार्यालयों के चक्कर लगाते रहते हैं।