कुठौंद। मनरेगा कार्यों में फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। जॉब कार्डों में हेराफेरी कर धन हड़पने की शिकायत पर जिलाधिकारी के निर्देश पर कराई गई जांच में अनियमितताओं की पुष्टि होने पर पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
रामपुरा ब्लॉक के सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) भारत सिंह की ओर से दर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार ग्राम पंचायत हुसेपुरा-सुरई में मनरेगा के तहत कराए गए विकास कार्यों में जॉबकार्डों के माध्यम से फर्जी भुगतान दिखाकर करीब 9.02 लाख रुपये का गबन किया गया। मामले की जांच लोकपाल मनरेगा ने की। जांच के दाैरान रिकॉर्ड में हेरफेर और कार्यों में अनियमितता की पुष्टि हुई। पुलिस ने तत्कालीन ग्राम विकास अधिकारी सुनील कुमार व उदयनारायण, ग्राम प्रधान गीता देवी, तकनीकी सहायक जलील बक्स और ग्राम रोजगार सेवक अंकित दीक्षित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी जगदंबा प्रसाद ने बताया कि प्राथमिकी दर्जकर जांच शुरू कर दी गई है।
