मैनपुरी। करहल विधानसभा सीट पर उप चुनाव के लिए आज से नामांकन शुरू हो जाएगा। कलेक्ट्रेट स्थित राजस्व अधिकारी न्यायालय कक्ष में नामांकन पत्र खरीदने और दाखिल करने का काम होगा। इसके लिए सभी तैयारियां बृहस्पतिवार को देर शाम तक पूरी कर ली गईं।
जिला निर्वाचन अधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि 18 से 25 अक्तूबर तक सुबह 11 बजे से 3 बजे तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। सामान्य जाति के उम्मीदवारों को 10 हजार एवं अनुसूचित जाति, जनजाति के उम्मीदवारों को पांच हजार रुपये जमानत धनराशि जमा करनी होगी।
अनुसूचित जाति, जनजाति के अभ्यर्थियों को नामांकन पत्र के साथ ही जाति प्रमाणपत्र अनिवार्य रूप से जमा करना होगा। एक प्रत्याशी अधिकतम नामांकन में चार सेट ही दाखिल कर सकेगा।
अब तक घोषित नहीं है भाजपा का प्रत्याशी : सपा ने एक सप्ताह पहले ही तेजप्रताप यादव को प्रत्याशी घोषित कर दिया था। भाजपा इसमें अब तक पीछे है। हर बार की तरह इस बार भी भाजपा अधिसूचना जारी होने तक अपने प्रत्याशी की घोषणा नहीं कर सकी है। सूत्रों के अनुसार तीन नामों का एक पैनल शीर्ष नेतृत्व को भेजा गया है। जल्द ही शीर्ष नेतृत्व ही प्रत्याशी के नाम पर मुहर लगाएगा। वहीं बसपा प्रत्याशी का भी लोगों को इंतजार है। ।
