इटावा जिले में दिल्ली–हावड़ा रेल मार्ग पर शुक्रवार शाम सवा पांच बजे इकदिल-भरथना रेलवे स्टेशन के बीच सिग्नल फेल होने से दो घंटे तक ट्रेनों का आवागमन ठप्प रहा। इस दौरान कई सुपरफास्ट और मेमू ट्रेन जहां की तहां खड़ी हो गई। इसके चलते यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौके पर पहुंची तकनीकी टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद सिग्नल को ठीक किया।
इसके बाद शाम सात बजे ट्रेनों का आवागमन शुरू हो सका। इस बीच अप लाइन पर टूंडला की ओर से आ रही मेमू और स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस को भरथना स्टेशन के पास रोक दिया गया। वहीं डाउन लाइन पर कानपुर की ओर जा रही अलीगढ़–गोविंदपुरी फास्ट मेमू, 22416 वंदे भारत एक्सप्रेस, 12420 गोमती एक्सप्रेस समेत दरभंगा–नई दिल्ली एक्सप्रेस भी खड़ी रहीं।
