सपा मुखिया अखिलेश यादव के परिवार में मंगलवार को शहनाई बजी। अखिलेश यादव, उनकी पत्नी डिंपल, चाचा प्रो. रामगोपाल, शिवपाल समेत पूरा परिवार बराती बना। दोपहर लगभग एक बजे महोत्सव पंडाल में जयमाल होते ही पंडाल परिसर तालियों से गूंज उठा। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल, मंत्री दिनेश सिंह, सांसद अफजल अंसारी, अब्बास अंसारी, बाबू सिंह कुशवाहा समेत कई सांसद, विधायक व अन्य दलों के राजनेता शामिल हुए।
सैफई स्थित आवास से बैंड-बाजों के साथ आर्यन दूल्हा बनकर निकले। भाभी डिंपल यादव, भतीजी अदिति, टीना समेत पूरा परिवार बैंड बाजों की धुन पर थिरकते हुए निकले। इसके बाद विंटेज कार से आर्यन सबसे आगे महोत्सव पंडाल परिसर पहुंचे। वहीं इसके बाद कई लग्जरी गाड़ियों से बराती पहुंचे। पंडाल महोत्सव के लगभग डेढ़ सौ फीट चौड़े मंच पर आर्यन को देखकर तालियां बजने लगीं। कुछ ही देर में सेरिंग अपने परिवार के साथ मंच पर आई तो कार्यक्रम की भव्यता और भी बढ़ गई। मंच पर जाने की अनुमति सिर्फ परिवार के लोगों को ही थी। दोपहर लगभग एक बजे पहले सेरिंग और फिर आर्यन ने माला पहनाई तो तालियों की गड़गड़ाहट से पंडाल गूंज उठा। नव दंपती ने जयमाल होने के बाद आए हुए अतिथियों का हाथ जोड़कर अभिवादन किया। फिर परिवार के सदस्यों का मंच पर ही पैर छूकर आशीर्वाद लिया।