सराय जलाल गांव में मकान के पास से गुजरी हाईटेंशन लाइन इंटर के छात्र की मौत का कारण बन गई। छात्र मंगलवार सुबह छत पर चल रहे निर्माण कार्य में हाथ बटा रहा था तभी लाइन का तार टूट गया और छात्र करंट की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौत हो गई। उसे बचाने के प्रयास में ताऊ और चचेरा भाई भी करंट से झुलस गए। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सराय जलाल निवासी प्रियांशु दोहरे (18) मंगलवार सुबह करीब 11 बजे अपने घर की छत पर खड़ा था। उस समय छत पर निर्माण कार्य चल रहा था और वह ऊपर ईंटें रखवा रहा था। इस दौरान घर के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन का तार अचानक टूटकर सीधे प्रियांशु के ऊपर आ गिरा।

तेज करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया और छत पर ही गिर पड़ा। प्रियांशु की चीख-पुकार सुनकर पास में मौजूद उसके ताऊ प्रमोद कुमार और उनका बेटा दीपू सिंह उसे बचाने के लिए दौड़ पड़े। जैसे ही उन्होंने उसे हटाने का प्रयास किया। वह भी करंट की चपेट में आकर झुलस गए। किसी तरह आसपास के लोगों ने हिम्मत जुटाकर बिजली की लाइन से दूरी बनवाई और तीनों को तुरंत नीचे उतारा।

आनन-फानन तीनों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद प्रियांशु को मृत घोषित कर दिया। वहीं, प्रमोद कुमार और दीपू सिंह का उपचार किया जा रहा है। मृतक प्रियांशु जनता इंटर कॉलेज बकेवर में 12 वीं कक्षा का छात्र था। परिवार वालों के अनुसार प्रियांशु घर का सबसे बड़ा बेटा था। उसके बाद एक छोटा भाई और एक बहन है। पिता उदयभान सिंह मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। मां किरन देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।

ग्रामीणों का कहना है कि घर के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन पहले से ही खतरा बनी हुई थी। कई बार लोगों ने इसकी शिकायत भी की थी, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उपखंड अधिकारी प्रेमचंद की ओर से बताया गया कि मकान के ऊपर काफी समय पहले से ही वहां हाई टेंशन लाइन निकली हुई है। मकान के ऊपर काम चल रहा है। ईंट लगने से तार टूट गया। इस कारण यह हादसा हुआ है।

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें