इटावा जनपद के महेवा विकास खंड में राजनीति का पारा चढ़ गया है। ब्लॉक के एक क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) ने सांसद पुत्र पर अपमानित करने का आरोप लगाते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया। बीडीसी सदस्य का आरोप है कि लगभग दो महीने पहले हुई बैठक के दौरान सांसद के पुत्र ने सबके सामने उनका प्रस्ताव फाड़ दिया था, जिससे आहत होकर उन्होंने यह कदम उठाया है।
निवाड़ी कलां निवासी सोनू, जो वार्ड संख्या 10 से 15 के बीडीसी सदस्य हैं। उन्होंने सोमवार को बीडीओ महेवा ब्रज बिहारी त्रिपाठी को अपना इस्तीफा भेजा। अपने पत्र में सोनू ने लिखा कि पिछली मीटिंग में सांसद के पुत्र ने सरेआम उनका प्रस्ताव फाड़ दिया गया। उन्होंने कहा कि जब वह जनप्रतिनिधि होकर अपने समाज की बात ही नहीं रख सकता, तो ऐसे पद पर बने रहने का कोई औचित्य नहीं है।
