इटावा जिले में भरथना थाना क्षेत्र के भरथना-बकेवर मार्ग पर शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। कुंवरा गांव के पास सड़क किनारे खड़ी लेंटर मशीन में तेज रफ्तार कार घुस गई। हादसे में मशीन पर बैठे दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के लिए ले जाते समय एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरे का उपचार जारी है।
बताया गया कि बकेवर थाना क्षेत्र के लुधियानी गांव निवासी हरवंश (55) पुत्र राम दुलारे और सादिक अली (30) पुत्र अफसर अली अपने साथियों के साथ ट्रैक्टर और लेंटर मशीन से मंडी रोड स्थित एक निर्माणाधीन मकान पर काम करने जा रहे थे। इस दौरान भरथना ब्लॉक के पास मशीन सड़क किनारे खड़ी कर अन्य मजदूरों का इंतजार किया जा रहा था।
