महेवा कस्बा सपा नेत्री ने महेवा चौकी पर तैनात रहे चौकी इंचार्ज पर दो माह पूर्व कार चोरी कर ले जाने की प्राथमिकी दर्ज कराई है। थाना पुलिस ने एसआई के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। आरोपी एसआई वर्तमान में कन्नौज के ठठिया थाना में तैनात हैं। क्षेत्र के मंदिर महेवा निवासी सपा नेत्री व किसान यूनियन से जुड़ी सरिता यादव ने सीओ भरथना को प्रार्थना पत्र दिया।
इसमें बताया कि साल 2018 में महेवा पुलिस चौकी पर तैनात रहे चौकी इंचार्ज राकेश पटेल का 2020 में कन्नौज स्थानांतरण हो गया। वर्तमान में वह कन्नौज के ठठिया थाने में तैनात है। महिला का आरोप है कि सात दिसंबर 2025 को रात में महेवा सीएचसी परिसर में उसकी कार खड़ी थी। सुबह जब वह कार लेने पहुंची तो कार गायब थी। सपा नेत्री ने सीएचसी का सीसीटीवी कैमरा चेक कराया तो कैमरे में एसआई राकेश पटेल कार का शीशा तोड़कर उसे ले जाते हुए नजर आए। महिला के मुताबिक इसके बाद वह शिकायत लेकर बकेवर थाने गईं लेकिन पुलिस ने महेवा चौकी में प्रार्थना पत्र देने की बात कहकर चलता कर दिया।
पीड़ित महिला ने बताया कि इसके बाद उसने राकेश पटेल से गाड़ी चोरी होने के बाबत बात की तो राकेश पटेल ने उसके साथ अभद्रता की। पीड़ित महिला के प्रार्थना पत्र को सीओ भरथना ने गंभीरता से लिया और बकेवर थाना पुलिस को प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश दिए। थानाध्यक्ष विपिन मलिक ने बताया कि सपा नेत्री की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। इस मामले में जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।