आगरा-कानपुर हाईवे पर थाना क्षेत्र के जमुना बाग के पास रविवार शाम करीब सात बजे वाहन ने बाइक सवार पिता और उनके दो मासूम बेटों को रौंद दिया। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना ने एक परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि अज्ञात वाहन की तलाश जारी है। पुलिस के मुताबिक बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।

मृतक की पहचान विनीत सिंह (40) निवासी कौरारी खेड़ा, थाना खनगढ़ा, फिरोजाबाद के रूप में हुई है। वह अपने दो बेटों, मोहित (10) और निशांत (8) के साथ बाइक से अपनी ससुराल थाना सैफई के भिड़ऊआ गांव जा रहे थे, जहां सभी को एक पारिवारिक समारोह में शामिल होना था। इस दौरान हाईवे पर अनियंत्रित वाहन ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिता-पुत्र सड़क पर काफी दूर जा गिरे।

सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने तीनों को आनन-फानन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। विनीत सिंह मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। हादसे ने उनके घर के दो चिराग बुझा दिए, जिससे उनकी पत्नी और सात वर्षीय छोटे बेटे आयुष का जीवन अंधकारमय हो गया है। उनका रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी कमल भाटी ने बताया कि सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *