Etawah: Body of woman found hanging

महिला की मौत का मामला
– फोटो : अमर उजाला

घर के अंदर तलघर में महिला का शव फंदे पर लटका मिला। मायके वालों ने पति पर महिला की पीट-पीटकर हत्या करके फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। कस्बा के मोहल्ला हरीनगर रामटेक निवासी विकास कुमार की पत्नी ज्योति देवी (30) शनिवार शाम को खाना खाकर अपने पति के साथ छत पर जाकर सो गई।

रविवार सुबह पति जागा तो उसे ज्योति दिखाई नहीं दी। जब वह घर के नीचे बने तलघर में पहुंचा तो ज्योति का शव छत पर पंखे के कुंडे में रस्सी के सहारे लटका हुआ था। पत्नी का शव फंदे पर लटका देख पति के होश उड़ गए। घटना की जानकारी पर आस-पड़ोस के लोग इकट्ठा हो गए। सूचना पर थाना प्रभारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। फंदे पर लटकी महिला के शव को नीचे उतरवाकर साक्ष्य जुटाए। पछाय गांव थाना क्षेत्र के करनपुरा गांव निवासी प्रेम सिंह ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी ज्योति की शादी 24 फरवरी 2016 में विकास के साथ की थी।

पति विकास कोई काम नहीं करता था। शराब के नशे में उनकी बेटी को पीटता था। ज्योति के दो बच्चे हैं, पांच साल की अंशिका और तीन साल का बेटा आयुष। विकास के कोई काम न करने पर बच्चे भूखे रहते थे। बीते नौ जून को दोनों बच्चों को प्रेम सिंह अपने साथ ले गए थे। रविवार सुबह उन्हें बेटी की मौत की जानकारी हुई तो वह दोनों बच्चों को लेकर परिजनों के साथ बेटी के ससुराल पहुंचे। पिता का आरोप है कि उनकी बेटी को पीट-पीटकर हत्या करके फंदे पर लटका दिया गया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रभारी निरीक्षक भीमसेन पोनिया ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें